निगोही। पुवायां मार्ग पर राइस मिल के मैदान पर चल रहे निगोही प्रीमियर लीग (एनपीएल) टूर्नामेंट में शुक्रवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में सनराइजर्स की टीम ने किंग्स इलेवन को 44 रनों से हरा दिया। कप्तान शादाब ने पहले धुआंधार बल्लेबाजी का जलवा दिखाया और बाद में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच की शुरुआत में किंग्स इलेवन के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले ही ओवर में शुभनेश बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद तस्लीम (30 रन) और एसपी मिश्रा (24 रन) ने पारी को संभाला। कप्तान शादाब ने मात्र 34 गेंदों पर दस चौके और चार छक्के लगाकर 75 रन की तूफानी पारी खेली। सनराइजर्स ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 168 रन बनाए। किंग्स इलेवन की ओर से हर्षित चौहान ने 30 रन देकर 3 विकेट लिए।
जवाब में किंग्स इलेवन की टीम सनराइजर्स की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। सलामी बल्लेबाज हर्ष और जावेद खां जल्दी आउट हो गए । हर्षित चौहान ने 48 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली। सनराइजर्स के लिए शादाब ने चार ओवर में मात्र 18 रन देकर चार विकेट चटकाए। वहीं मकसूद ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ दस रन देकर तीन विकेट लिए।
अंत में किंग्स इलेवन की टीम 19.2 ओवर में 124 रन पर ढेर हो गई। एनपीएल के चेयरमैन नदीम ने विजेता टीम के कप्तान शादाब इदरीसी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए राजेश सिंह, अरशद खां, आकिब खां, शाहिद हुसैन, डॉ. जैद खां, परवेज खां आदि मैदान पर मौजूद रहे।
फोटो 29
जयवीर की बल्लेबाजी से जीती एसएस कोचिंग की टीम
शाहजहांपुर। मयूर स्पोर्टिंग के तत्वावधान में चल रही शाहजहांपुर क्लब क्रिकेट लीग में एसएस कोचिंग ने एचआर क्लब को चार विकेट से हरा दिया। विजेता टीम के जयवीर ने सर्वाधिक 53 रन बनाए।
जीएफ कॉलेज के मैदान पर एचआर क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय किया। टीम ने 20 ओवर में 108 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए एसएस कोचिंग ने छह विकेट खोकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। जयवीर ने 53 और मृत्युंजय ने 21 रनों की पारी खेली। विपक्षी टीम के गेंदबाज हरदीप ने दो विकेट प्राप्त किए। मैच के अंपायर रिजवान व दिनेश शर्मा थे। आयोजक मयूर खन्ना ने बताया कि शनिवार को क्राउन क्लब और रॉयल स्टार के मध्य मैच खेला जाएगा। संवाद
फोटो32
बॉक्स धुरंधर ने बिट्टू स्टार को एक विकेट से हराया
शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला लोधीपुर में बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट के प्रथम सीजन में बॉक्स धुरंधर ने बिट्टू स्टार को एक विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बिट्टू स्टार ने आठ ओवर में सभी विकेट खोकर 51 रन बनाएं। इसमें फैसल ने 25, नईम ने 20 रन बनाए। बॉक्स धुरंधर के कप्तान हिमांशु वर्मा व अजीम ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में बॉक्स धुरंधर ने अंतिम गेंद पर एक विकेट से मुकाबला जीत लिया। अजीम ने 24, अब्दुल्ला ने 18 रनों की पारी खेली। बिट्टू स्टार की ओर से नईम ने दो विकेट हासिल किए। अजीम को मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज फैसल रहे।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य आनंद पाठक, शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु भूषण जौहरी, मनोज यादव, हिमांशु वर्मा, रामबाबू, अनिल अग्रवाल, कोच जितिन कनौजिया, नवजोत आदि ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। संवाद
शाहजहांपुर में जीएफ कॉलेज के मैदान में शॉट खेलते जयवीर। स्रोत: आयोजक