सांसद कृष्णा राज ने शहर में सीवरेज सिस्टम लागू कराने का मुद्दा संसद में उठाया। बाद में शहरी विकास, आवास एवं शहरी गरीबी उपशमन एवं संसदीय कार्यमंत्री वैंकया नायडू को पत्र देकर इस दिशा में कार्य आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
सांसद के मीडिया प्रभारी रामबरन सिंह ने कृष्णा राज के हवाले से बताया कि इस दिशा में केंद्रीय मंत्री श्री नायडू का पत्र भी सांसद को प्राप्त हो गया है, जिसमें कहा गया है कि संबंधित परियोजना के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से राज्य सरकार को प्रोजेक्ट बनाकर भेजना है, जिस पर केंद्र सरकार काम करेगी। सांसद ने कहा है कि वह जनपद के विकास का कोई भी मौका छोड़ना नहीं चाहतीं। सीवरेज प्लांट से क्षेत्र की काया ही बदल जाएगी और इससे तमाम समस्याओं का समाधान भी स्वत: हो जाएगा।
सांसद ने बताया कि नव शहरी विकास मिशन के अंतर्गत देश के जिन पांच सौ शहरों का विकास किए जाने की योजना है, उसी में शाहजहांपुर को शामिल कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चूंकि शहर की जनसंख्या लगभग सवा तीन लाख है, इसलिए इस योजना के क्रियान्वयन में कोई अड़चन नहीं आनी चाहिए।