डिवाइन और मिड ब्रेन एकेडमी के समर कैंप संपन्न
पायल डांस इंस्टीट्यूट में समर कैंप जारी
शाहजहांपुर। छात्र-छात्राओं को पाठ्येत्तर क्रिया-कलापों की जानकारी और विभिन्न विद्याओं में पारंगत करने के लिए चलाए जा रहे समर कैंप बृहस्पतिवार को भी जारी रहे। इस बीच डिवाइन पब्लिक स्कूल और मिड ब्रेन पॉवर एक्टिवेशन एकेडमी के समर कैंपों का समापन हो गया। समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
डिवाइन पब्लिक स्कूल के समर कैंप के समापन पर समाजसेविका डॉ. संगीता मोहन ने बच्चों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्द्धन किया। इससे पूर्व बच्चों ने मनमोहक नृत्य, राधा-कृष्ण पर आधारित नृत्य नाटिका आदि के माध्यम से खूब तालियां बटोरीं। सार्थक त्रिपाठी ने गिटार बजाकर वाहवाही लूटी। महिमा वाजपेयी के संचालन में हुए आयोजन में प्रधानाचार्य नीलम सिंह ने आभार जताया। इस अवसर पर डायरेक्टर रजबाला, सुनैनी गुप्ता, मीतू अग्रवाल, रुचिता गुप्ता, एकता अग्रवाल, चेतन वर्मा, लहर गुप्ता, अनामिका मिश्रा, कुमुद तनेजा, कविता दीक्षित, रंजीता सिंह, श्वेता मिश्रा, गुंजन गोगिया, लवली मिश्रा, सुरभि सक्सेना, स्वाति कालरा आदि मौजूद रहे।
मिड ब्रेन पॉवर एक्टिवेशन एकेडमी के समर कैंप का भी समापन हो गया। इस अवसर पर कैंप के प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इससे पूर्व बच्चों ने बंद आंखों से वस्तुओं के रंग पहचाने, सूंघकर वस्तुओं की जानकारी दी। डायरेक्टर पुनीत भटनागर ने समर कैंप के महत्व पर प्रकाश डाला। उपमा भटनागर के संचालन में हुए समापन कार्यक्रम में अशोक कुमार आदि गणमान्य मौजूद रहे।
इधर, बहादुरगंज मशीनरी मार्केट स्थित पायल डांस इंस्टीट्यूट में समर कैंप जारी रहा। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को शास्त्रीय संगीत, ब्यूटीशियन, मेहंदी, ताइक्वांडो आदि का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में डायरेक्टर मयंक गुप्ता, पीयूष गुप्ता, सौरभ गुप्ता, वैभव, मृदुल आनंद आदि का योगदान रहा।