शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में सीतापुर-बरेली नेशनल हाईवे पर चकभिटारा मोड़ के समीप रविवार सुबह करीब नौ बजे ट्रक से बाइक को टक्कर लग गई। बाइक ट्रक के पिछले पहिए में फंसकर घिसटती चली गई। हादसे में बाइक चालक महावीर (45 वर्ष) निवासी चकभिटारा और उनके साले हेमनाथ (30 वर्ष) निवासी गांव पालीचक थाना मोहम्मदी जिला लखीमपुर खीरी की मौत हो गई। इस हादसे में ट्रक की चपेट में आने से टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक भाग गया।
जानकारी के मुताबिक सीतापुर-बरेली नेशनल हाईवे पर चकभिटारा मोड़ के पास रविवार सुबह नौ बजे घने कोहरे के दौरान भूसी से भरा ट्रक सीतापुर की ओर मुड़ रहा था। जैसे ही यह ट्रक डिवाइडर की साइड में पहुंचा तभी पीछे से शाहजहांपुर की ओर से आ रहे ट्रक उसे बचाने के दौरान बाइक को टक्कर मार दी। बाइक ट्रक के पिछले पहिए में फंसकर घिसटती चली गई। चालक ने ट्रक नहीं रोका और सड़क किनारे खड़े टेंपो को भी टक्कर मार दी। इस दौरान भूसी से भरा ट्रक का चालक अपना ट्रक भगा ले गया।
यह भी पढ़ें- UP: बरेली मंडल में कोहरे ने मचाया कोहराम, सड़क हादसों में साले-बहनोई समेत तीन की मौत, 30 से अधिक घायल
हादसे में बाइक चालक महावीर की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साले हेमनाथ और टेंपो चालक थाना उचौलिया क्षेत्र के गांव रतनपुर बरनी निवासी विनीत को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान हेमनाथ ने दम तोड़ दिया। घायल विनीत का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।