शाहजहांपुर। परिषदीय विद्यालयों में सत्रीय परीक्षाएं तथा खेलकूद प्रतियोगिताएं एक साथ कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इससे शिक्षक असमंजस की स्थिति में फंस गए हैं।
शिक्षा निदेशक बेसिक की ओर से पत्र जारी कर परिषदीय व मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षिक सत्र की सत्रीय परीक्षाएं 18 से 24 सितंबर के बीच कराने के आदेश दिए हैं। परीक्षा के बाद निर्धारित तिथि को अभिभावकों को विद्यालय में आमंत्रित कर बच्चों की प्रगति भी साझा करनी होगी। इधर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने बृहस्पतिवार को सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया है। इसमें शैक्षिक सत्र में विद्यालय स्तर से प्रदेश स्रत तक बालक-बालिकाओं के खेलकूद कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं के आयोजन का निर्देश दिया गया है।
विद्यालय स्तर से न्याय पंचायत स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताएं 20 सितंबर तक तथा ब्लॉक स्तर पर 25 सितंबर तक पूरी कराकर ब्लाॅक स्तर के विजयी प्रतिभागियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है। ऐसे में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों इस बात से परेशान है कि वे सत्रीय परीक्षाएं करवाएं या फिर खेलकूद प्रतियोगिताओं को संपन्न कराएं।