पुवायां। किसानों की समस्याओं का छह माह से समाधान न होने से नाराज भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पुवायां से शाहजहांपुर तक पैदल कूच कर डीएम कार्यालय पर धरना देने की चेतावनी दी। जानकारी मिलने पर एसडीएम सदानंद सरोज, सीओ प्रवीण मलिक, तहसीलदार दीपेंद्र कुमार और थाना प्रभारी आरके रावत भाकियू के बंडा रोड स्थित कार्यालय पहुंचे और किसान नेताओं से वार्ता की। शाम को सहमति के बाद आंदोलन स्थगित किया गया।
जिलाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह यादव ने बताया कि पिछले छह माह में किसानों की करीब 60 समस्याओं को लेकर एसडीएम को आठ बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। इससे नाराज होकर मंगलवार को पुवायां से पैदल शाहजहांपुर पहुंचकर डीएम कार्यालय पर धरना देने का निर्णय किया गया था।
एसडीएम, सीओ, तहसीलदार और थाना प्रभारी ने धरनास्थल पहुंचकर किसान नेताओं से समस्याओं के संबंध में बातचीत की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अधिकारी हर बार आश्वासन देते हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं होता। इसी वजह से किसानों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
वार्ता के बाद भी समाधान नहीं होने पर कार्यकर्ता दोपहर बाद जिला मुख्यालय के लिए पैदल निकल पड़े। रास्ते में एसडीएम और सीओ ने उन्हें समझाया और लौटने के लिए कहा। इसके बाद मंडी परिसर में दोबारा वार्ता हुई। शाम करीब सात बजे समस्याओं के निस्तारण को लेकर सहमति बनी, जिसके बाद भाकियू ने पैदल मार्च स्थगित कर दिया।
अवैध कब्जे से जमीन कराई मुक्त
वार्ता के दौरान गांव भिलावां में अवैध कब्जा कर बोई गई फसल का मामला भी सामने आया। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए फसल जोतवाकर जमीन को कब्जामुक्त करा दिया। किसान नेताओं ने अन्य समस्याओं के भी शीघ्र निस्तारण की मांग की।
कुछ समस्याओं का समाधान वार्ता के बाद करा दिया गया है। शेष मामलों का एक-दो दिन में समाधान करा दिया जाएगा।
- सदानंद सरोज, एसडीएम पुवायां