तिलहर में गांव देवरास के पास खंती में पलटी स्कूली बैन । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर (उखरी)। स्कूल की छुट्टी के बाद शनिवार को खुदागंज के एक स्कूल की बच्चों से भरी वैन अनियंत्रित होकर गांव देवरास के निकट सड़क के किनारे खाई में पलट गई। कुछ बच्चों को चोट आईं हैं। आसपास के लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला।
शनिवार दोपहर लगभग दो बजे खुदागंज के एक स्कूल से लगभग 15 से अधिक बच्चों को लेकर स्कूल की वैन जा रही थी। गांव देवरास के पास वैन अनियंत्रित हो गई। इसके बाद वैन सड़क किनारे पानी से भरी खाई में चली गई। वैन के पानी में जाते ही बच्चे चिल्लाने लगे। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने किसी तरह बच्चों को पानी के अंदर घुसकर वैन से बाहर निकाला।
कई बच्चे मामूली रूप से चोटिल हो गए। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजन बच्चों को लेकर घर चले गए। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो सका है कि बच्चे किस स्कूल के थे। वैन एक स्थानीय स्कूल की बताई जा रही है लेकिन उस स्कूल के प्रबंधक ने अपनी वैन होने से साफ इन्कार कर दिया है।