छह से लेकर 14 वर्ष तक के सभी बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराने के उद्देश्य से मंगलवार की सुबह 10 बजे स्कूल चलो अभियान की रैली निकाली गई। रैली में शामिल हुए स्कूलों के बच्चे बैंड बाजे के साथ बैनर पकड़े, स्लोगन लिखीं तख्तियों और जोरदार नारेबाजी करते हुए शहर की सड़कों से गुजरे तो सभी एकबारगी देखने को मजबूर हो गए।
रैली का शुभारंभ नगर पालिका परिषद के चेयरमैन तनवीर खां ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली जीआईसी ग्राउंड बीएसए दफ्तर के सामने से शुरू हुई। जेल रोड होते, बहादुरगंज, निशात रोड होते हुए शहीद उद्यान के सामने रैली का समापन हुआ। इस दौरान बच्चों को बिस्कुट के पैकेट बांटे गए। रैली में शामिल बच्चे ‘बेटा-बेटी एक समान, घर-घर दो विद्या का दान’, ‘हमारे विद्यालय आओ, खेल-खेल में शिक्षा पाओ’ और ‘सब पढे़ं-सब बढे़ं’ आदि नारे लगाते हुए जा रहे थे। रैली में शामिल स्काउट गाइड का बैंड खासा आकर्षक रहा।
नगर क्षेत्र की ओर से निकाली गई रैली में नगर क्षेत्र के सभी परिषदीय स्कूलों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राएं और वहां का स्टॉफ भी शामिल हुआ।
रैली की व्यवस्था नगर शिक्षा अधिकारी मुन्नालाल त्रिवेदी के निर्देशन में हुई, जिसमें जिला समन्वयक क्वालिटी एजुकेशन सुशील बाबू मिश्रा, जिला समन्वयक सामुदायिक शिक्षा वीपी सिंह, जिला गाइड कैप्टन दपिंदर कौर एवं जिला स्काउट मास्टर निकहत परवीन ने किया। इस दौरान एबीआरसी इमरान सईद खां, रीता सक्सेना, सीमा आहूजा, संजय डोनाल्ड आदि शिक्षक मौजूद रहे।