पुवायां। गांव भम्मापुर निवासी नगर पंचायत बंडा के संविदाकर्मी अरवेश कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने शराब दुकान के सेल्समैन समेत कुछ लोगों से पूछताछ की। अरवेश कुमार 13 जनवरी को घर से बाइक से ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकले थे। 16 जनवरी को उनका शव गांव संजयनगर के पास राजकीय कृषि फार्म में मिला था। 18 जनवरी को अरवेश की बाइक गन्ने के खेत के पास से बरामद हुई थी। अरवेश के भाई सुनील कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि भाई को ज्यादा शराब पिला दी गई, इस कारण उनकी मौत हुई है।
पुलिस मंगलवार को शराब की एक दुकान के सेल्समैन सहित कुछ लोगों को पूछताछ के लिए लाई, लेकिन अरवेश की मौत के मामले में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि मामले में जांच चल रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। संवाद