शाहजहांपुर। इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों के बीच बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऑडियो में इंस्पेक्टर सिपाहियों से अभद्रता और गोली मारने की धमकी दे रहा है। ऑडियो चौक कोतवाली इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह और दो सिपाहियों के बीच बातचीत का बताया जा रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करती है। वहीं, इस मामले की जांच एसपी ने सीओ सिटी पंकज पंत को सौंपी है।
मंगलवार की सुबह सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ। पहले ऑडियो में इंस्पेक्टर सिपाही से आने की बात कह रहा है। उसके थोड़ी देर में आने के लिए कहने पर इंस्पेक्टर अपशब्द कहते हुए पीआरवी भेजने की बात कहता है। दूसरे ऑडियो में हेड कांस्टेबल से बातचीत है। आरोप है कि इंस्पेक्टर अभद्रता करते हुए गोली मारने की धमकी देता है।
इस संबंध में चौक कोतवाली इंस्पेक्टर अश्विनी सिंह ने बताया कि सिपाही अवैध वसूली में संलिप्त थे। इसी के चलते उन्हें हटाया गया था। इसी द्वेष में ऑडियो वायरल करा रहे हैं। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। वायरल ऑडियो की जांच कराई जाएगी।
हेड कांस्टेबल पर वसूली के लगे थे आरोप
करीब एक वर्ष पूर्व हेड कांस्टेबल पर अजीजगंज में किराने की दुकान से पटाखे बरामद करने के मामले में वसूली के आरोप लगे थे। आरोप लगा था कि हेड कांस्टेबल ने जेल न भेजने के एवज में 1.75 लाख रुपये मांगे थे। इसका ऑडियो वायरल हुआ था। इसके बाद व्यापारी ने अधिकारियों से शिकायत की थी। तब हेड कांस्टेबल को चौकी अजीजगंज से हटा दिया गया था। बाद में दोबारा चौकी पर तैनाती मिल गई थी।
किशोरी से अभद्रता का वीडियो वायरल
शाहजहांपुर। हनुमतधाम पर गैर समुदाय के युवक के साथ घूमते मिली किशोरी के साथ पुलिस के अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि चौक कोतवाली पुलिस ने पूछताछ के दौरान किशोरी से अभद्रता की और उससे अनर्गल शब्द कहे। इस मामले में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे थे। इस प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। संवाद