तिलहर। नगरिया गोपालपुर गांव में अंग्रेजी शराब व बियर की कंपोजिट शॉप पर सेल्समैन के तौर पर कार्यरत शहर के मोहल्ला हुंडालखेल निवासी सर्वेश यादव ने मारपीट के आरोपी होटल संचालक समेत उसके साथियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोपियों पर अपनी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने पुलिस को बताया कि गत रविवार की रात करीब 10 बजे सफेद रंग की कार व दो बाइकों से कुछ लोगो के साथ आए होटल संचालक ने गालियां देते हुए दुकान में घुसने का प्रयास किया। चूंकि, दुकान बंद करने का समय हो गया था और साथी सेल्समैन बिक्री का हिसाब मिला रहा था। इसलिए आए हुए लोगो को गाली गलौज करता देख उसने दुकान का गेट नहीं खोला। इसी बात को लेकर आरोपियों ने लोहे की सरिया और पत्थर से हमला करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी।
उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि इस घटना से तीन-चार दिन पहले रात में आरोपी होटल संचालक एक युवक को पीटते हुए अपने होटल की ओर ले जा रहा था। अगले दिन वह युवक होटल के बाहर मृत पाया गया। चूंकि, यह घटना उन्होंने देख ली, इसलिए आरोपी हत्या का सुबूत मिटाने के लिए उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। दुकान पर आकर मारपीट और गाली गलौज इसी साजिश का हिस्सा है। नगरिया पुलिस चौकी मामले की जांच कर रही है।
000
घटना की तहरीर और एक वीडियो मिलने के बाद क्राइम इंस्पेक्टर को मौके पर पहुंचकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-ज्योति यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तिलहर