पुवायां नगर में पथ संचलन करते आरएसएस के पदाधिकारी
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। वर्ष प्रतिपदा के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने शनिवार को पुवायां में पथ संचलन निकाला। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। सरस्वती विद्या मंदिर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां पूजन करने के बाद स्वयं सेवकों ने नगर के विभिन्न मार्गों पर पथ संचलन किया।
डाक बंगला रोड, बैंक ऑफ बड़ौदा रोड, तिराहा बाजार, चौराहा बाजार, राजा मार्केट, राजीव चौक, खुटार रोड होते हुए स्कूल पहुंच कर समाप्त हुआ। पथ संचलन में स्वयंसेवक कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे। पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों को देखकर पथ संचलन देखने के लिए सड़क के दोनों तरफ लोग खड़े रहे। स्वयंसेवकों का पुष्प वर्षा के साथ लोगों ने जगह जगह स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता प्रांत बौद्धिक प्रमुख देवराज, जिला संघचालक डॉ. राकेश मिश्रा, जिला प्रचारक कुलदीप कुमार, जिला कार्यवाह नरेंद्र शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगाराम मिश्रा, विपिन शुक्ला, ब्रजेंद्र देव, विपिन मिश्रा, शशि अग्निहोत्री, सोमदेव मिश्रा, केके गुप्ता सहित तमाम लोग मौजूद रहे।