रोडवेज वर्कशॉप के सामने से यात्री ढोने वाले निजी वाहन हटाने का प्रयास करने पर एक टेंपो चालक ने रोडवेज के एक ड्राइवर को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए परिवहन निगम के कर्मचारियों ने वर्कशॉप के सामने रोडवेज की बसें खड़ी करके जाम लगा दिया और जमकर प्रदर्शन किया। इससे पुवायां रोड पर अशफाकनगर चौराहा से लेकर रामनगर मोड़ तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, बाद में मौके पर पहुंचे थाना सदर बाजार के प्रभारी निरीक्षक और रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने दोनों यूनियनों के पदाधिकारियों के बीच समझौता कराकर जाम खुलवा दिया। रोडवेज के स्थानीय डिपो में तैनात चालक सोनू कुमार द्वितीय ने अपरान्ह करीब तीन बजे निर्धारित मार्ग से लौटकर स्टेशन पर यात्री उतारे और खाली बस संख्या यूपी 27 टी-1518 लेकर पुवायां रोड स्थित वर्कशॉप पहुंचे। बस को वर्कशॉप के अंदर ले जाने के लिए मोड़ने के दौरान गेट पर यात्री ढोने वाला एक टेंपो आड़े आ गया। चालक ने उसे हटाने को कहा तो टेंपो के ड्राइवर ने तैश में आकर बस चालक को थप्पड़ मार दिया।
इसे लेकर वहां मौजूद अन्य रोडवेज चालकों ने हंगामा खड़ा कर दिया। मौके पर मौजूद वर्कशॉप के गेट कीपर ने दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव करना चाहा, लेकिन इसी बीच वहां पहुंचे यातायात पुलिस के एक सिपाही ने टेंपो चालक का पक्ष लेते हुए गेट कीपर पर हाथ चला दिया। इससे नाराज रोडवेज कर्मचारियों का गुस्सा और ज्यादा भड़क उठा। कुछ ही देर में वहां रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद और रोडवेज इंपलाइज यूनियन के पदाधिकारी पहुंच गए।
इससे रोडवेज कर्मचारियों का मनोबल बढ़ गया और उन्होंने वर्कशॉप के सामने बसें खड़ी करके रोड पर वाहनों का चक्का जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। रोड पर हंगामेबाजी के चलते अशफाकनगर चौराहा से लेकर रामनगर तिराहा तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी पाकर एआरएम रामबहादुर यादव, स्टेशन प्रबंधक सुशील त्रिवेदी और थाना सदर बाजार के प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह भी वहां पहुंच गए।
अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन रोडवेज कर्मचारी जीप चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। हालांकि, बाद में अफसरों ने दोनों पक्षों को बिठाकर उनमें समझौता करा दिया। करीब एक घंटा तक पुवायां मार्ग जाम रहने से दोनों दिशाओं मेें आने-जाने वाले लोगों को खासी दिक्कत हुई। प्रदर्शन में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के शाखा अध्यक्ष राजेश पांडेय, कार्यशाला इकाई अध्यक्ष अमित पांडेय, ओंकार सक्सेना, रोडवेज इंपलाइज यूनियन के अध्यक्ष मनोज सिंह, विकास मिश्र, श्यामवीर, राजीव मिश्रा, मोहन सिंह, मो. इरशाद, अरुण वर्मा, जगमोहन, मीरा मिश्रा, नीता श्रीवास्तव, अर्चना मिश्रा, विजय शुक्ल आदि शामिल रहे।
रोडवेज कर्मचारियों का गुस्सा इसलिए भड़का
रोडवेज का स्टेशन भवन निर्माणाधीन होने के कारण गौरीफंटा, पलिया, पुवायां, बंडा, खुटार, मैलानी आदि मार्गों को यात्री बिठाने के लिए स्टेशन के सामने रोड के किननारे रोडवेज बसें खड़ी की जा रही हैं। पिछले दिनों दिलाजाक में बस मोड़ते समय एक मस्जिद के गेट का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होने पर खासा बवाल हो गया था। इसे देखते हुए टीएसआई ने रोड के किनारे बसें खड़ी करने पर रोक लगा दी है। इसे लेकर बीते दिन कर्मचारी संयुक्त परिषद ने डीएम को ज्ञापन भी दिया था। तभी से रोडवेज स्टाफ प्रतिशोध का मौका तलाश रहा था, जो टेंपो चालक से विवाद के बहाने मिल गया।
रामनगर मोड़ से चलेंगे पुवायां को निजी वाहन
अधिकारियों द्वारा कराए गए द्विपक्षीय समझौते में शासनादेश के तहत रोडवेज स्टेशन से एक किमी परिधि के बाहर रामनगर मोड़ से प्राइवेट वाहन पुवायां रूट के यात्री बिठाएंगे। एआरएम रामबहादुर यादव ने बताया कि पुवायां रूट के लिए केवल वही बस स्टेशन के सामने रोड के किनारे खड़ी होगी, जिसकी रवानगी का समय नजदीक होगा। एआरएम के अनुसार इस रूट की अन्य बसें स्टेशन परिसर में रोड की ओर फ्रंट करके खड़ी की जाएंगी।