शाहजहांपुर। शहर को लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे से जोड़ने वाले अटसलिया क्रॉसिंग-जीआईसी तिराहा मार्ग पर केवल हथौड़ा-अटसलिया के बीच सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। वहीं हथौड़ा से लेकर जीआईसी तिराहा तक लगभग दो किमी के हिस्से पर जगह-जगह गड्ढे होने के बावजूद निर्माण कार्य रुका है। ऐसे में यहां उड़ रहे धूल के गुबार से लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।
इस हिस्से से बिजली के पोल और पेड़ जैसी बाधाएं हटाए जाने के बाद हथौड़ा चौराहा से एनटीआई तक दोनों ओर के फुटपाथ खोदकर वहां पत्थर की रोड़ी और मिट्टी डाले छह माह बीत चुके हैं। अब यही निर्माण सामग्री वाहनों के गुजरने से धूल बनकर प्रदूषण को बढ़ावा दे रही है। एनटीआई से लोधीपुर के आगे तक अवैध कब्जे भी पूरी तरह नहीं हट पाए है जबकि वहां तीन माह पहले लाल निशान लगाए जा चुके हैं।
लोधीपुर से दिखने लगी रोड की दुर्दशा
इस मार्ग पर जीआईसी तिराहा से खन्नौत पुल लांघकर आगे बढ़ते ही लोधीपुर से उजाड़ फुटपाथ, अतिक्रमण हटाने के दौरान काटे गए मकान और रोड की दुर्दशा नजर आने लगती है। दादा बूलनशाह मियां की मजार से लेकर नेव टेक्निकल इंस्टीट्यूट (एनटीआई) गेट के पास और सिटी पार्क कॉलोनी के सामने जहां स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं, वहां बजरी-कोलतार उखड़ जाने से सड़क का लोप हो गया है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इस हिस्से में सड़क के बीच से दोनों ओर दस-दस मीटर जमीन पर रोड चौड़ी होनी है। इसलिए वहां के लोग खुद अपने आशियाने तोड़ते दिखाई देते हैं। एनटीआई से हथौड़ा चौराहा तक डबल लेन रोड ठीक मिली और वहां तक डिवाइडर बनाए जा चुके हैं, लेकिन बाई लेन अवरोधक लगाकर बंद कर दिए जाने से दोनों ओर के वाहन एक ही लेन पर दौड़ते वक्त धूल उड़ा रहे हैं। रोड के इसी हिस्से के दोनों फुटपाथों पर पत्थर के रोड़े और मिट्टी डालकर उन्हें रोलर से समतल किया जा चुका है, लेकिन बजरी-कोलतार की परत नहीं बिछने से वाहनों के निकलने पर कच्चे फुटपाथों के पत्थर उखड़ने लगे हैं।
निर्माण कार्य में आड़े आ रहे कई अवरोध
मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने के लिए सड़क के दोनों ओर के अधिकांश पेड़ काटे जाने के साथ बिजली के पोल भी हटाए जा चुके हैं। इसके बावजूद कई अवरोध निर्माण मेें आड़े आ रहे हैं। खन्नौत पुल से नीचे उतरकर लोधीपुर की ओर बढ़ने पर सड़क के बाईं ओर फुटपाथ के हिस्से में आया 250 केवीए का ट्रांसफार्मर और उसका फाउंडेशन अब तक नहीं हट सका है।
नाला निर्माण में ढिलाई बरत रहा नगर निगम
इस मार्ग पर अपवाद के तौर पर केवल लोधीपुर मेें खन्नौत पुल के आगे रोड की बाई पटरी पर कुछ हिस्से में नाला निर्माण हो चुका है, लेकिन हथौड़ा चौराहा की ओर चलने पर इस काम मेें नगर निगम की ढिलाई उजागर हो रही है। एनटीआई के पास से खन्नौत तक बमुश्किल 500 मीटर लंबा नाला बीते मार्च में बनना शुरू हुआ था। लॉकडाउन में निर्माण कार्य कुछ दिन को ठहरा रहा। बाद मेें डीएम की अनुमति से फिर यह काम हुआ, लेकिन अब नाला निर्माण का काम ठप है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि जब तक नाला निर्माण कार्य पूरा नहीं होगा, तब तक एनटीआई से लेकर खन्नौत पुल तक रोड चौड़ी नहीं हो सकेगी।
जन सामान्य की बात
मेरे दादा के वालिद ने खून-पसीने की गाढ़ी कमाई से ये जमीनें खरीदी थीं। तब से हमारी दो पीढ़ियां इन्हीं जमीनों पर मकान बनाकर जिंदगी बिताई, लेकिन अब सड़क बनाने को पांच-पांच मीटर जमीन छीनी जा रही है। रोड बन जाए तो चैन मिले क्योंकि सड़क की सारी धूल घर के अंदर आ रही है। -मोहम्मद वसीउद्दीन, लोधीपुर
अधिकारियों ने हमारी पुश्तैनी जमीनों पर अवैध कब्जा बताकर लाल निशान लगा दिए, लेकिन हुकूमत के आगे भला किसकी चलती है। मन मसोसकर मकान के आगे का हिस्सा अपने ही हाथों तोड़ना पड़ रहा है। सड़क नहीं बनने से गाड़ियां निकलने पर धूल-मिट्टी फांकनी पड़ रही है। -मोहम्मद उवैस, लोधीपुर
इस रोड को बनाने के लिए बजट की कोई समस्या नहीं है। तमाम पेड़ और बिजली के पोल हटाए जा चुके हैं। कुछ स्थानों पर रखे ट्रांसफार्मर भी जल्द पीछे की ओर शिफ्ट किए जाएंगे। लोधीपुर वालों को पक्के निर्माण हटाने के लिए थोड़ा वक्त दिया गया है। खन्नौत पुल से लोधीपुर तक नगर निगम के स्तर से नाला निर्माण का काम पूरा होते ही रोड को चौड़ा करने का काम शुरू करा दिया जाएगा। -ओपी वर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड)