शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के गांव हथौड़ा बुजुर्ग निवासी फूलमती (35) पति सुरेश कुमार के साथ बाइक से मंगलवार सुबह करीब 11 बजे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने हरदोई के थाना शाहबाद क्षेत्र गांव जमूरा स्थित मायके जा रही थी। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के हरदोई चौराहे से कुछ आगे जाते ही अचानक फूलमती बाइक से फिसलकर रोड पर सिर के बल गिर गई।
इससे उनको गंभीर चोटें आ गईं। पति घायल पत्नी को राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने के निकला, मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर हरदोई चौराहे पर बैरिकेडिंग की गई थी। किसी तरह से सुरेश पत्नी को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचा। मंगलवार की रात इलाज के दौरान फूलमती की मौत हो गई। पति ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजन शव लेकर घर चले गए।
बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
परौर। क्षेत्र के गांव कुबेरपुर निवासी भीमसेन (60) मंगलवार की शाम करीब पांच बजे पैदल खेत देखने जा रहे थे। कलान-परौर रोड पर पहुंचते ही भीमसेन को पीछे से बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे बाद आरोपी युवक बाइक छोड़कर भाग गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन ने घायल बुजुर्ग को सीएचसी पर इलाज के लिए भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर भीमसेन को बरेली रेफर कर दिया। बरेली ले जाते समय मंगलवार की रात उनकी मौत हो गई। संवाद