शाहजहांपुर। सदर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व संबंधित विवादों की आईं। 50 में से छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौके पर जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करें। इसके अलावा जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनवाने की समस्याएं अधिक रहीं।
इस पर सीडीओ ने निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनाए जाएं। इस दौरान गैरहाजिर रहने पर सीडीओ ने सहायक श्रमायुक्त से स्पष्टीकरण तलब किया।
फरियादियों का दर्द
पैतृक मकान पर भाई ने कब्जा करके घर से निकाल दिया है। कई चक्कर लगा चुके हैं, कोई समाधान नहीं हो रहा है। पुलिस और अधिकारी सुन नहीं रहे हैं।
- रामप्रकाश, गुरगवां
मकान की दीवार को पड़ोसी ने गिराकर कब्जा कर लिया है। थाने में शिकायत की तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब अधिकारियों से शिकायत करने के लिए आए हैं।
- सुषमा देवी, कांट
पुवायां में एडीएम ने सुनी शिकायतें
पुवायां। एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा ने शनिवार को शिकायतें सुनी और प्राप्त प्रार्थनापत्रों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान 106 शिकायतें दर्ज की गईं। एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान एसडीएम चित्रा निर्वाल, सीओ प्रवीण मलिक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
रामप्रकाश, गुरगवां।