शाहजहांपुर में त्रिवेणी एक्सप्रेस की आपातकाली खिड़की से बच्ची को प्रवेश कराता यात्री। संवाद
- फोटो : संवाद
शाहजहांपुर। होली के त्योहार के बाद लोगों की वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार को लखनऊ रूट की ट्रेनों में अधिक भीड़ रही, लेकिन अप लाइन की ट्रेनें खाली रहीं। इधर, परिवहन निगम की बसों को पर्याप्त सवारियां नहीं मिल पाई हैं। रविवार से यात्रियों के उमड़ने की संभावना के चलते तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
रंगों के त्योहार को लेकर ट्रेनों में रिजर्वेशन दो महीने पहले होने शुरू हो गए थे। त्योहार नजदीक आने पर पर्याप्त भीड़ नहीं उमड़ी। होली के निपटने के बाद शनिवार को लखनऊ रूट पर जाने वालों की भीड़ रही। दोपहर साढ़े 12 बजे त्रिवेणी एक्सप्रेस आई तो सीट घेरने को यात्री उमड़ पड़े। गेट से जगह नहीं मिलने पर बच्चों को आपातकालीन खिड़की से प्रवेश कराया।
जनरल टिकट के साथ ही आरक्षण वाले भी काफी यात्री सवार हुए। अप लाइन यानी दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में अधिक भीड़ नहीं थी। दूसरी ओर परिवहन निगम की झोली अभी तक त्योहार पर भर नहीं सकी है। त्योहार पर आने वालों की भीड़ कम रही। ऐसे में जाने वालाें से उम्मीद के चलते तैयारी शुरू कर दी गई।
डिपो प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि परेवा होने के चलते अधिक यात्री सफर करने नहीं आए हैं। रविवार से भीड़ उमड़ने की संभावना है। निगम के पास पर्याप्त बसें हैं। यात्रियों को दिक्कत नहीं आएगी। सभी रूटों पर बसें उपलब्ध हैं।