शाहजहांपुर। लोदीपुर के 3500 परिवारों को पानी के लिए इंडिया मार्का हैंडपंप के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा। नगर निगम घर-घर में जलापूर्ति करेगा। पायलट प्रोजेक्ट के तहत टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। एक माह के अंदर काम शुरू हो जाएगा।
लोदीपुर में अभी घरों तक जल पहुंचाने की व्यवस्था नहीं है। लोग इंडिया मार्का हैंडपंप या फिर अपने निजी संसाधनों पर ही निर्भर हैं। हैंडपंप के खराब होने पर उन परिवारों को पानी की किल्लत हो जाती है, जिनके घरों में निजी हैंडपंप भी नहीं है। इसको ध्यान में रखकर नगर निगम ने वर्ष 2023 में जलापूर्ति उपलब्ध कराने की योजना पर विचार किया था। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जिस पर अब मोहर लगी है।
योजना के तहत वार्ड में एक अलग ओवरहेड टैंक बनेगा। जलापूर्ति के लिए नई पाइप लाइन डाली जाएगी। यह क्षेत्र खन्नौत नदी के दूसरी ओर है। इस कारण अब तक घर-घर पाइप लाइन के माध्यम से जलापूर्ति की सुविधा नहीं पहुंच पा रही है।
इस्राइल की तकनीकी का होगा प्रयोग, लगेंगे मीटर
- 24 घंटे जलापूर्ति के लिए इस्राइल की तकनीक का प्रयोग किया जाएगा। इसमें पानी की बर्बादी रोकने के लिए आपूर्ति शुरू होने के बाद हर घर में मीटर लगाए जाएंगे, जिसका हर माह बिल आएगा। इस वजह से लोग अपनी जरूरत के मुताबिक ही पानी का इस्तेमाल करेंगे।
-
पीवीसी की जगह एचडीपीई के पाइप डाले जाएंगे
-कार्यदायी संस्था जल निगम की ओर से इस योजना को मूर्तरूप देने के लिए पीवीसी की जगह हाई डेस्टिनी पॉली एथिलीन (एचडीपीई) के पाइप बिछाए जाएंगे। जिले के एक वार्ड में काम पूरा होने के बाद इसे बाकी वार्डों में भी लागू किया जाएगा। इसके लिए पहले से अधूरी पड़ी पानी की लाइनों को जोड़कर और घरों में कनेक्शन देकर इसकी शुरुआत की जाएगी।
-
इलेक्ट्रो फ्यूजन से जुड़ेंगे कनेक्शन
इस्राइल की तरह इलेक्ट्रो फ्यूजन तकनीक से एचडीपीई पाइप को जोड़ा जाएगा। गोल फ्यूज में पाइप के दो छोर को डालकर उसके ऊपर बनाए बिजली के सॉकेट में तार लगाए जाएंगे। इसके जरिये अंदर से दोनों पाइप आपस में जुड़ जाएंगे। इससे पानी के लीक होने का भी डर नहीं होगा। पीवीसी पाइप में सॉकेट से लीकेज की परेशानी रहती है।
योजना के तहत टेंडर की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। करीब 10 करोड़ रुपये का बजट लोदीपुर वार्ड में योजना को स्थापित करने में खर्च किया जाएगा। बजट स्वीकृत हो चुका है।
- कपिल एम. सिंह, एक्सईएन, जल निगम