जलालाबाद। उधार की रकम का तगाजा करने से नाराज लोगों ने सराफा कारोबारी को घर में बंधक बनाकर पीटा। थाने में तहरीर देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर मोहल्ला नौसारा निवासी प्रदीप वर्मा ने कोर्ट के आदेश पर दो महिलाओं समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दर्ज रिपोर्ट में उन्होंने कहा है कि वह सराफा कारोबारी हैं और मदनापुर में उनकी दुकान है। मोहल्ला गोपालनगर निवासी उनके रिश्तेदार राजीव वर्मा और उनकी पत्नी राधा ने उनसे जरूरत पड़ने पर कई बार में 11 लाख रुपये उधार ले लिए। बाद में कई बार रकम मांगी, लेकिन वह टालमटोल करते रहे। गत वर्ष सितंबर में रकम मांगने पर राजीव ने उन्हें हिसाब करने के लिए अपने घर बुलाया।
वहां राजीव, मोहल्ला अब्दुल्लानगर निवासी सुमित वर्मा, उसका बेटा राजू वर्मा, गोपाल वर्मा, राजीव की सास व दो अन्य अज्ञात लोगों ने उन्हें कमरे में बंद कर पीटा और धमकाया। बाद में आरोपियों ने उनके घर जाकर पत्नी से भी मारपीट की। हमलावर उनका और पत्नी का मोबाइल भी छीन ले गए, जिनमें लेनदेन संबंधी रिकार्डिंग थी। इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद