तिलहर। होली के दिन किसान सहकारी चीनी मिल के गन्ना तौल कांटे पर हंगामा करने, गन्ने की तौल में गड़बड़ी करके सरकारी अभिलेखों में हेराफेरी करने और सरकारी कर्मचारियों से अभद्रता कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में चीनी मिल गेट के दो गन्ना कृषकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट गन्ना अधिकारी की ओर से दर्ज की गई है।
चीनी मिल के गन्ना अधिकारी अमित कुमार चतुर्वेदी ने चीनी मिल गेट के गन्ना कृषक कैजुअल कर्मचारी पुष्पेंद्र वर्मा और गांव ढकियाशोभा निवासी जंग पाल के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि 18 मार्च को सुबह 10 से 6 बजे की शिफ्ट में तौल बाबू द्वारा मिल गेट कृषक मलोदा पत्नी दिनेश सिंह निवासी गांव ढकियाशोभा की गन्ना ट्रॉली 12:19 बजे कांटे पर तौली गई। तौल के बाद पटले पर जाते समय गाड़ी पलट गई। लेकिन पलटी पड़ी गाड़ी के बावजूद फर्जी तौर पर तौल कर दी गई।
इस दौरान जांच में जंग पाल द्वारा मंजू पत्नी जंग पाल का एडवांस टोकन भी कटा हुआ पाया गया। जबकि इस दौरान यार्ड में इस दौरान गन्ने की ट्रॉली भी नहीं थी। गन्ना अधिकारी ने बताया कि इस दौरान टोकन कोटरी पर पुष्पेंद्र वर्मा, जगदीश, जितेंद्र सिंह व रवि सिंह तथा केन गार्ड दयाराम मौजूद थे। गन्ना अधिकारी अमित कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि उन्हें मिल के कैजुअल कर्मचारी जितेंद्र ने अवगत कराया कि मिल गेट पर पुष्पेंद्र वर्मा ने इस दौरान जमकर हंगामा काटा और सरकारी अभिलेख में जबरन हेराफेरी कराकर गन्ने की तौल में गड़बड़ी की।
आरोप है कि गांव ढकिया शोभा निवासी जंगपाल ने भी पुष्पेंद्र वर्मा का साथ देते हुए स्टाफ से अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों गन्ना किसानों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर गन्ना अधिकारी अमित चतुर्वेदी ने बताया कि ढकियाशोभा की मिल गेट के किसान मलोदा पत्नी दिनेश सिंह तथा इसी गांव की गन्ना कृषक मंजू देवी पत्नी जंगपाल को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए सट्टा और भुगतान तत्काल प्रभाव से लॉक कर दिया गया है।