कांट (शाहजहांपुर)। सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करके वहां पक्का निर्माण करा लेने के आरोप में नगर पंचायत के लिपिक नितिन शर्मा ने कांग्रेस के पूर्व चेयरमैन रईस खां और उनके भाइयों सहित 22 लोगों के खिलाफ सोमवार को देर रात रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लिपिक की ओर से लिखाई गई रिपोर्ट के मुताबिक, नगर पंचायत कांट में अभायन मोड़ के पास स्थित गाटा संख्या 2474 जो कि बंजर भूमि है, उस पर 22 लोगों का कब्जा पाया गया है। यह संपत्ति नगर पंचायत की है। राजस्व विभाग के मुताबिक यहां पर निर्माणाधीन छह दुकानों पर पूर्व चेयरमैन रईस मियां का कब्जा मिला।
जबकि बाकी जमीन पर लोगों ने दुकान व प्लॉट बनाकर कब्जा किया हुआ है। कांट थाने के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व चेयरमैन के अलावा उनके भाइयों शहजाद खां, शकील खां, रिजवान खां, रजी अहमद खां, शफी अहमद खां, मंसूर खां, कस्बा निवासी जुग्गन, ईशाक अली, शाकिर अली, सबी दराज खां, कवि दराज खां, पप्पू, इकरार खां, इस्लाम खां, मुमताज अहमद खां, फूल बानो, इब्ने, इन्ने, ललित, वंदिता वर्मा और सुल्तान खां को नामजद किया गया है।
रिपोर्ट में आरोप है कि आरोपियों ने अभायन मोड़ के पास नगर पंचायत की जमीन पर कब्जा कर वहां अवैध रूप से दुकानें बना लीं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 329 (3) तथा सरकारी संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
20 वर्षों से कब्जा
यहां पर 0.494 हेक्टेयर जमीन है। सरकारी जमीन पर दुकानें बनाकर तमाम लोग पिछले 20 वर्ष से काबिज थे। भाजपा नेता विकास पाठक की शिकायत पर एक बार दुकानों का निर्माण पहले भी रोका जा चुका है। तत्कालीन एसडीएम ने राजस्व टीम से नाप कराई तो अभिलेखों में जमीन बंजर श्रेणी में दर्ज पाई गई और उसके सीमांकन में 24 दुकान-प्लॉट पाए गए। इनमें छह निर्माणाधीन दुकानें पूर्व चेयरमैन की ओर शेष दुकानाें पर उनके भाइयों और समर्थकों का कब्जा पाया गया।
कांट नगर पंचायत की संपत्ति पर अवैध कब्जा था। 22 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जल्द ही अवैध कब्जा हटाया जाएगा।
- अरविंद कुमार, प्रशासक कांट नगर पंचायत, एडीएम वित्त एवं राजस्व