कांट। एलपीजी से वाहनों की रिफिलिंग का भंडाफोड़ होने पर पूर्ति निरीक्षक ने डिलीवरी मैन और वाहन चालक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सोमवार को जिला आपूर्ति अधिकारी से शिकायत की गई थी कि शाहजहांपुर-जलालाबाद हाईवे पर एक ऑटो एजेंसी के पीछे काफी समय से अवैध रूप से एलपीजी का भंडारण कर उसे वाहनों में भरने का काम हो रहा है। बाद में पूर्ति निरीक्षक संजय कुमार यादव ने पुलिस टीम के साथ एक मकान पर छापा मारा।
इस दौरान उन्हें मकान के पिछले हिस्से में एक वाहन से घरेलू एवं व्यावसायिक सिलिंडर उतारने और चढ़ाने का काम होते मिला। टीम को मौके पर 17 भरे हुए और तीन खाली घरेलू गैस सिलिंडर, एक व्यावसायिक सिलिंडर और गैस की रिफिलिंग का सामान मिला।
मौके पर डिलीवरी मैन बब्बू मलिक उर्फ जिया उल आब्दीन और वाहन चालक राजपाल भी मौजूद थे। पूछने पर पता चला कि मकान बब्बू मलिक का है और दोनों मिलकर अवैध तरीके से एलपीजी का भंडारण कर रहे थे।
मौके पर पहुंचे गैस एजेंसी के मालिक सुशील कुमार गुप्ता का कहना है सिलिंडरों का भंडारण एजेंसी के गोदाम के अलावा कहीं नहीं किया जाता है। टीम ने सभी सिलिंडर अपने कब्जे में लेकर रामा भारत गैस एजेंसी के प्रबंधक सुरेश चंद्र सक्सेना की सुपुर्दगी में सौंप दिए। बाद में पूर्ति निरीक्षक ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।