फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: अब ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ नदी में ट्रक खोजेंगे गोताखोर

विज्ञापन
अल्हागंज में रामगंगा पुल से निकलते वाहन। संवाद
विज्ञापन
अल्हागंज (शाहजहांपुर)। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे के रामगंगा पुल से रेलिंग तोड़कर नदी में गिरे गन्ने से भरे ट्रक को शुक्रवार को भी बाहर नहीं निकाला जा सका। नदी की रेतीली तलहटी में धंसे ट्रक की चेसिस खोजने के लिए अब ऑक्सीजन सिलिंडर से लैस ऐसे गोताखोराें की तलाश की जा रही है, जो गहरे पानी में लंबे समय तक रह सकें। पुल पर अब भी मरम्मत और सुरक्षात्मक उपाय नहीं किए गए हैं।
विज्ञापन

बदायूं से गन्ना लेकर रूपापुर चीनी मिल जा रहा ट्रक मंगलवार की रात पुल पर अनियंत्रित होने के बाद नीचे नदी में गिर गया था। मुरादाबाद निवासी ट्रक चालक राजपाल ने किसी तरह ट्रक से नदी में कूदकर जान बचाई थी। ट्रक चालक का कहना है कि पुल स्टीयरिंग फेल होने से यह हादसा हुआ, जबकि संभल निवासी ट्रक मालिक संजीव गुप्ता का कहना था कि पुल के बीच बने गड्ढे की वजह से ट्रक अनियंत्रित होकर नदी में गिरा।
नदी में पूरी तरह डूबे ट्रक को निकालना किसी चुनौती से कम नहीं है। इसलिए ट्रक मालिक से अपने स्तर से प्रयास कर रहा है। क्रेन के ऑपरेटर चरण सिंह यादव के अनुसार ट्रक निकालने के लिए नदी के दोनों छोर पर कम से कम चार हाइड्रोलिक मशीनें लगाने की जरूरत पड़ेगी। इसके बावजूद सिर्फ गन्ना और ट्रक की बॉडी निकालना संभव होगा। ट्रक मालिक के अनुसार जितना किराया क्रेन का तय हुआ है, उससे कम लागत में ट्रक की बॉडी तैयार हो जाती है और सिर्फ उसे निकालने से कोई लाभ नहीं है।
विज्ञापन

ट्रक मालिक के अनुसार उन्हें अब ऐसे गोताखोरों की तलाश है, जो ऑक्सीजन सिलिंडर से लैस होकर नदी के अंदर देर तक रहकर चेसिस के आसपास की रेत हटा सकें। हादसा होने के बाद भी एनएचएआई ने पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का काम अब तक शुरू नहीं कराया है। पुल पर दरारें और गड्ढे जस के तस बने हुए हैं और रेलिंग भी टूटी हुई है।
हालांकि, पुलिस ने पुल पर सुरक्षा के अस्थायी इंतजाम किए हैं। इसके लिए लोहे के ड्रमों को लाल-पीली पट्टी से रंगकर गड्ढे के पास रखवाया गया है, ताकि रात में पुल से निकलने वाले वाहन चालक सतर्क रहें। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुल की तत्काल मरम्मत कराने और स्थायी रेडियम साइन बोर्ड लगवाने की मांग की है।

रामगंगा पुल पर आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए गए हैं। एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जल्द से जल्द पुल की मरम्मत का कार्य शुरू कराएं।
विज्ञापन




-रजनीश मिश्रा, एडीएम प्रशासन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें