गांव जेबा में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की जानकारी लेते एसडीएम। स्रोत : प्रशासन
पुवायां। अधिकारियों की सख्ती के बाद भी फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूरा कराने में कर्मचारी लापरवाही बरत रहे हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार और एसडीएम सदानंद सरोज के निरीक्षण के नदारद मिले कर्मचारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। जनसेवा केंद्र संचालकों पर भी कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
एडीएम और एसडीएम ने गांव जेबा में फार्मर रजिस्ट्री कैंप का निरीक्षण किया। यहां कोटेदार, प्रधान, लेखपाल और पंचायत सहायक मौजूद मिले। जानकारी मिली कि जनसेवा केंद्रों के संचालक फार्मर रजिस्ट्री में सहयोग नहीं कर रहे हैं। एसडीएम ने जनसेवा केंद्र के जिला प्रबंधक को जनसेवा केंद्रों की आईडी निरस्त करने के लिए पत्र लिखा है।
कैंप में कृषि विभाग के एटीएम और बीटीएम मौजूद नहीं मिले। एटीएम धर्मपाल के खिलाफ कार्रवाई के लिए डिप्टी डॉयरेक्टर कृषि को पत्र भेजा गया है।
गांव बरगदिया में लगे कैंप में पंचायत सहायक प्रिया वाजपेयी अनुपस्थित मिलीं। गांव के लोगों ने एसडीएम को बताया कि प्रिया वाजपेयी काफी समय से पंचायत घर नहीं आ रही हैं। पंचायत सहायक के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसडीएम ने डीपीआरओ को पत्र लिखा है।
एसडीएम ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री का काम 30 अप्रैल तक कैंप लगाकर पूरा किया जाना है। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और जनसेवा केंद्र संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी।