देश के दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार रात निधन हो गया। लेकिन वह लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे। शाहजहांपुर के व्यवसायी सुनील चंद्र सेठ ने उनके निधन पर शोक जताया। बताया कि रतन टाटा उनके बेटे की शादी में शामिल हुए थे।
शाहजहांपुर के चौक क्षेत्र में रहने वाले व्यवसायी सुनील चंद्र सेठ के बेटे और सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता कौस्तुभ सेठ के विवाह में आशीर्वाद देने के लिए दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने करीब 40 मिनट तक विवाह समारोह में परिजनों से मुलाकात की थी।
विज्ञापन
चौक के घूरनतलैया निवासी सुनील चंद्र सेठ ने बताया कि 18 अप्रैल 2018 को उनके बेटे कौस्तुभ का विवाह एयर इंडिया में कार्यरत चांदनी बेरी से हुआ था। कौस्तुभ के ससुर देवेंद्र कुमार बेरी टाटा ट्रस्ट में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट थे। उन्होंने ही दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा को आमंत्रित किया था। उनके आमंत्रण पर नई दिल्ली के ताज पैलेस में आयोजित समारोह में रतन टाटा पहुंचे थे।
इस दौरान वह करीब 40 मिनट तक समारोह स्थल पर रुके और परिजनों से बातचीत की। शादी में शामिल ऐश्वर्य चंद्र सेठ, खुशबू सेठ, रश्मि सेठ से भी मुलाकात कर हालचाल जाना। सुनील चंद्र सेठ ने बताया कि रतन टाटा के व्यवहार से शादी में आए सभी लोग प्रभावित हुए थे। उनके निधन के समाचार से गहरा दुख पहुंचा है।