शाहजहांपुर। खुटार के रामपुर कलां उपकेंद्र की आउटगोइंग ट्रॉली में ओवरलोडिंग के कारण जोरदार आवाज के साथ आग लग गई। कर्मचारियों ने किसी तरह आग बुझाई। इस बीच 46 गांवों के करीब 3200 उपभोक्ताओं को दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा। शाम को बारिश होने पर बहादुरगंज उपकेंद्र का हुंडालखेल फीडर बंद होने से लोग परेशान रहे।
बृहस्पतिवार की दोपहर में रामपुर कलां उपकेंद्र की ट्रॉली के तार गर्म होने के चलते जोरदार आवाज के साथ धमाका हो गया। फ्लैशओवर होने से ट्रॉली में आग लग गई। बिजली जाने से करीब 46 गांवाें की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। उपभोक्ताओं को काफी दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा। शाम करीब साढ़े चार बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
शाम करीब सात बजे बारिश होने के दौरान बहादुरगंज उपकेंद्र की हुंडालखेल फीडर की बिजली लाइन ट्रिप हो गई। बिजली जाने से करीब दो हजार उपभोक्ता परेशान रहे। रात करीब आठ बजे तक फॉल्ट नहीं मिल सका था। इसके अलावा दिन में हथौड़ा फीडर की आपूर्ति बंद रही। चिनौर में पंचायत घर के पास खंभे में करंट उतर आया।
निगोही रोड उपकेंद्र के कर्मचारियों ने पहुंचकर खंभे से छूने वाले तार को हटाकर सही किया। रेलवे स्टेशन के सामने वाल्मीकि कॉलोनी वाली गली में फेस नहीं आने से उपभोक्ता परेशान रहे। इसी तरह ग्रामीण इलाकों में बारिश के कारण दो से तीन घंटे तक बिजली नदारद रही। निगोही, सिंधौली, कांट समेत कई इलाकों में ब्रेक डाउन रहा।
छह घंटे गुल रही बिजली
जलालाबाद। 33 केवीए लाइन में फाॅल्ट आ जाने से बृहस्पतिवार को छह घंटे से ज्यादा समय तक नगर में बिजली आपूर्ति ठप रही। बुधवार दोपहर बिजली उपकेंद्र पर लगा 33 केवीए लाइन का बॉक्स फट जाने से नगर में सात घंटे से ज्यादा समय तक बिजली आपूर्ति ठप रही थी। बृहस्पतिवार को फिर फॉल्ट के कारण आपूर्ति ठप हो गई। बिजली ढाई बजे ठप हुई। यह समय रोस्टरिंग का भी है, जिस कारण इस ओर लोगों का ध्यान नही गया। करीब चार बजे बिजली आई, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर चली गई और रात पौने आठ बजे तक नहीं लौटी। उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारी ने बताया कि केबल में आए फाॅल्ट को सही किया जा रहा है।
कलान में भी बिजली आपूर्ति ठप
कलान में थाना रोड पर दुर्गानगर, धूमनाथ नगर, सूर्य नगर की विद्युत व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। बंच लाइन डाले जाने की वजह से आपूर्ति बंद कर दी गई। ब्लॉक थाना अस्पताल एवं सरस्वती नगर समेत कई मोहल्लों में बिजली बुधवार की रात नहीं आई।