निगोही में फर्जीं मतदान को लेकर विरोध कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करती पुलिस । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र में सोमवार शाम छह बजे फर्जी मतदान को लेकर मारपीट के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने पीलीभीत-शाहजहांपुर रोड जाम कर दिया। पुलिस ने जाम लगाने वाले भाजपा समर्थकों पर लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। विरोध में भाजपा समर्थकों ने भी थाने पर पथराव कर दिया।
सोमवार शाम को भटियुरा गांव के तिलहर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा के समर्थक आकाश तिवारी भटियुरा पृथ्वीपुर गांव में फर्जी वोटिंग होने की सूचना पर बूथ पर पहुंचे थे। आरोप है कि भटियुरा पृथ्वीपुर के सपा समर्थकों ने निगोही-बिलसंडा मार्ग पर आकाश तिवारी को पीट दिया। आरोप है कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने आकाश को पीट दिया। विरोध में शाम छह बजे भाजपा समर्थकों ने थाने के सामने रोड जाम कर दी। पुलिस ने भाजपा समर्थकों पर लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। नाराज भाजपा समर्थकों ने थाने पर पथराव कर दिया। इस बीच भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा ने थाने पर पहुंचकर तिलहर से सपा प्रत्याशी व विधायक रोशन लाल वर्मा पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाते हुए इंस्पेक्टर व थाने के स्टाफ को निलंबित करने की मांग की। एसपी सिटी संजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। एसपी सिटी ने बताया कि हालात नियंत्रण में हैं। कार्रवाई की जा रही है।