बरेली-फर्रुखाबाद मार्ग पर नेशनल हाईवे-730 सी पर हुए गड्ढे और बिखरी बजरी। संवाद
अल्हागंज। दो दिन की लगातार बारिश ने बरेली-फर्रुखाबाद मार्ग के नाम से जाने जाने वाले नेशनल हाईवे-730सी की स्थिति फिर बिगाड़ दी है। बारिश के बाद हाईवे पर कई जगह दरारें दिखाई देने लगी हैं। हाल ही में जिन गड्ढों का पैचअप कराया गया था, उनमें से कई दोबारा उभर आए हैं। वहीं जलभराव वाले स्थानों पर नए गड्ढे भी बन गए हैं। सड़क पर जगह-जगह फैली बजरी और जलभराव से वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है।
अथॉरिटी की ओर से कुछ समय पहले हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्सों और गड्ढों को भरकर पैचअप कराया गया था। उस समय सड़क की स्थिति में सुधार दिखाई दिया था, लेकिन लगातार दो दिन हुई तेज बारिश के बाद कई स्थानों पर किए गए पैचअप की परत उखड़ गई। गड्ढों में भरी सामग्री बाहर निकलकर सड़क पर फैल गई है।
इसके साथ ही बारिश के पानी के दबाव से कुछ अन्य स्थानों पर भी सड़क की सतह क्षतिग्रस्त हो गई है। बारिश के बाद हाईवे के डिवाइडर किनारे कई स्थानों पर पानी जमा हो गया है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लंबे समय तक सड़क के आसपास जमा रहता है। लगातार जलभराव से सड़क की ऊपरी परत कमजोर होने के साथ ही किनारों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है।
-
वाहनों का संतुलन बिगड़ने की रहती है आशंका
बारिश के बाद हाईवे पर कई जगह पैचअप की बजरी फैल गई है। भारी वाहनों के गुजरने से यह बजरी सड़क पर और फैल रही है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति अधिक जोखिम वाली बनी हुई है। पानी और बजरी के कारण अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने की आशंका बनी रहती है। रविवार को हाईवे पर दो ट्रकों के टायर फटने की घटना भी सामने आई। खासकर रात के समय पानी से भरे गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
बारिश अधिक होने की वजह से हाईवे क्षतिग्रस्त हो गया है। उसका सर्वे करा लिया गया है। क्षतिग्रस्त गड्ढों की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। एक-दो दिन में हाईवे पर आवागमन सामान्य हो जाएगा।
-अमन त्रिगुन, पीडी, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ)