रोजा/ शाहजहांपुर। हरदोई-संडीला के पास दिलावरनगर स्टेशन पर पटरी चटकने से बड़ा हादसा टल गया। पटरी के बीच जॉगल बांधकर ट्रेनों को 30 किमी की गति से गुजारा गया। जिसकी वजह से रेल यातायात प्रभावित हो गया और ट्रेनें देरी से शाहजहांपुर व रोजा स्टेशन पहुंची। जिसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार को तड़के चार बजे दिलावरनगर स्टेशन से गुजर रही मालगाड़ी के चालक को झटका लगा। किसी आने वाली मुसीबत को भांपकर चालक ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। उन्होंने चालक की सूचना पर पटरी का निरीक्षण कराया, तो स्टेशन मास्टर के पूर्वी केबिन के पास अपलाइन पर रेल फैक्चर होने की जानकारी हुई। अपलाइन पर आने वाली ट्रेनों को रुकवाकर चटकी पटरी के बीच में जॉगल बांधवाया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेनों को 30 की स्पीड से निकला गया। रेल फैक्चर के कारण ट्रेनों की रफ्तार थम गई और सुबह चार बजे के बाद अपलाइन पर बरेली की ओर जाने वाली ट्रेनें अपने निर्धारित समय से शाहजहांपुर व रोजा समेत आगे के स्टेशनों पर नहीं पहुंच सकीं।
त्रिवेणी सात, बरेली एक्सप्रेस ढाई घंटा रही लेट
- अपलाइन पर रेल फैक्चर की वजह से ट्रेनों की रफ्तार कम होने पर दिनभर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा। सुबह साढ़े नौ बजे आने वाली बरेली एक्सप्रेस सुबह 11 बजकर 55 मिनट पर आई। पूर्वान्ह 11.05 की टनकपर त्रिवेणी एक्सप्रेस शाम को साढ़े छह बजे शाहजहांपुर आ सकी। बरेली पैसेंजर करीब ढाई घंटा लेट रही। प्रयागघाट-बरेली पैसेंजर दोपहर पौने एक बजे की जगह शाम साढ़े पांच बजे आई। जननायक एक्सप्रेस रविवार को तीन घंटा लेट रही, तो शाम चार बजे आने वाली जम्मूतवी एक्सप्रेस पौने पांच बजे स्टेशन पर आई।
स्टेशन पर भटकते रहे यात्री
- ट्रेनों के देरी से आने की वजह से बरेली की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। टिकट खरीदने के बाद उनके पास वापसी और ट्रेन के इंतजार के अलावा कोई विकल्प नहीं था। इसलिए ज्यादातर यात्रियों ने ट्रेन के आने के इंतजार किया। कुछ यात्री ट्रेन के इंतजार में प्लेटफार्म पर भटकते देखे गए।
रेल फैक्चर होने की जानकारी नहीं है, सुबह चार बजे के बाद ज्यादातर रविवार होने के कारण नहीं चली। नौ बजे के बाद एक बरेली एक्सप्रेस देरी से आई थी। बाकी ट्रेनें कोहरे और ट्रैक पर मेंटीनेंस का काम कराए जाने के कारण देरी से आ रही हैं। - मनोज कुमार, स्टेशन अधीक्षक शाहजहांपुर।