शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर बरेली मोड़ के पास बेकाबू गति से दौड़ते ट्रक ने बाइक सवार दंपति को रौंद दिया। ट्रक के पहिये के नीचे आने से महिला की मौत हो गई। जबकि उसके पति को चोटें आई हैं। दोनों जिला अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने के बाद बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इस हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया।
थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के ग्राम मुलायम नगर निवासी महावीर के एक रिश्तेदार जिला चिकित्सालय में भर्ती हैं। रविवार को महावीर और उनकी पत्नी पूर्णा देवी रिश्तेदार को देखने के लिए जिला अस्पताल गए थे। देर शाम वहां से बाइक पर घर लौट रहे थे। तभी नेशनल हाईवे पर बरेली मोड़ से कुछ दूर एक ढाबा के सामने उनकी बाइक में पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। अचानक टक्कर पर महावीर बाइक से उछलकर दूर जा गिरे, जबकि उनकी पत्नी पूर्वा देवी वहीं रोड पर गिर गईं। तभी उसी ट्रक का पिछला पहिया पूर्णा देवी के ऊपर से गुजर गया। इससे पूर्णा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसकी सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी अजीजगंज नासिर खान मौके पर पहुंच गए और घायल दंपति को जिला चिकित्सालय भिजवाया। जहां पूर्णा देवी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।