पुवायां। एक युवती और एक किशोरी के लापता होने के गई दिन बाद भी पुलिस मामलों को गंभीरता से नहीं ले रही है। दोनों मामलों में पीड़ितों ने एसपी को पत्र भेजकर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि उसकी बहन को नौ सितंबर को स्वामी दयाल कहीं ले गया। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी पुलिस अब तक बहन का पता नहीं लगा सकी है। उसे आशंका है कि आरोपी उसकी बहन की हत्या कर सकते हैं। वह पुलिस को आशंका से अवगत करा चुका है, लेकिन पुलिस लापरवाही बरत रही है और बहन का पता नहीं लगा रही है।
उधर एक अन्य गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री को गांव फत्तेपुर बुजुर्ग को अमरदीप कहीं ले गया है। 14 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने अमरदीप के परिजनों से पूछताछ तक नहीं की है। वह एक सप्ताह से लगातार थाने के चक्कर लगा रहा है, लेकिन पुलिस चुप्पी साधे बैठी है, इससे वह और परिजन बेहद परेशान हैं। जल्द ही पुत्री का पता नहीं लगा तो वे लोग धरने पर बैठने को बाध्य होंगे। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस सक्रियता से लगी हुई है।
दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। टीम लगाई गईं हैं। जल्द ही बरामदगी करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
- प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां