वजीरपुर में धरने पर बैठे आंदोलनकारी। स्रोत : आंदोलनकारी
जलालाबाद। अल्हागंज के वजीरपुर घाट पर पैंटून पुल बनवाने की मांग को लेकर इंडी गठबंधन के नेता ग्रामीणों के साथ बृहस्पतिवार से वजीरपुर में धरने पर बैठ गए। आंदोलन स्थल पर मौजूद लोगों ने पुल की स्वीकृति न मिलने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया।
वजीरपुर गांव के समीप रामगंगा नदी के वजीरपुर घाट के दोनों ओर दो दर्जन से ज्यादा गांव हैं। यहां नाव के सहारे आवागमन होता है। इस घाट पर कभी पैंटून पुल नहीं बना। भारतीय हलधर किसान यूनियन के रामवीर सोमवंशी ने इस घाट पर पैंटून पुल बनवाने की मांग शासन व प्रशासन से की थी। इसी मांग को लेकर पांच दिसंबर से इंडी गठबंधन के बैनर तले गांव वजीरपुर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। पहले दिन धरनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। रामवीर सोमवंशी ने बताया कि पुल निर्माण के संबंध में कोई ठोस आश्वासन न मिलने पर आठ दिसंबर से भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। धरनास्थल पर अतुल मिश्रा व सपा-कांग्रेस से जुड़े कई नेता शामिल रहे। संवाद