जैतीपुर। बिजली की सप्लाई कम मिलने से परेशान तमाम किसानों ने शुक्रवार रात करीब नौ बजे जैतीपुर बिजली उपकेंद्र पहुंचकर जमकर हंगामा किया। लोगों की मौजूद कर्मचारियों से जमकर नोकझोंक हुई। ग्रामीणों ने पूरे इलाके की बिजली बंद करा दी।
शंकरपुर, पिटरहाई, अर्शिया, आलमपुर, कुआडांडा आदि गांव के किसानों ने बताया कि घरेलू कनेक्शन और नलकूप की लाइनें अलग कर दी गई हैं। नलकूपों को 10 घंटे बिजली देने के निर्देश हैं लेकिन धान की रोपाई के सीजन में मात्र 4 से 5 घंटे बिजली दी जा रही है। ट्रिपिंग भी होती है। जब तक नलकूप से खेत तक पानी पहुंचता है, तब तक ट्रिपिंग हो जाती है। ऐसे में धान की रोपाई के लिए पानी कभी नहीं भर पाता है। डीजल की बढ़ती हुई महंगाई में इंजन चलाना मुश्किल हो रहा है। खेतों में बिजली कनेक्शन बेकार साबित हो रहे हैं। धान की रोपाई नहीं हो पा रही है।
इधर, जैतीपुर सब-स्टेशन पहुंचे किसानों का हंगामा बढ़ता देख थाने से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। हालांकि रात तक किसानों का हंगामा जारी रहा लेकिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान लाल सिंह, बड़े सिंह, आनंद सिंह, गोविंद सिंह, वीरेंद्र सिंह, गौरव आदि रहे।