शाहजहांपुर। होली पर निकलने वाले लाट साहब के जुलूस में डीजे को शामिल रखने का प्रस्ताव रखा गया है। आयोजकों के अनुसार, जुलूस में लाट साहब की सवारी के पीछे डीजे चलने से हुड़दंग में कमी लाई जा सकती है। प्रस्ताव पर अफसरों को निर्णय लेना है। इधर, लाट साहब बनने के लिए रामपुर के युवक समेत दो लोग तैयार हैं।
शाहजहांपुर का जुलूस पूरे देश में मशहूर है। जुलूस में किसी व्यक्ति को लाट साहब बनाकर भैंसागाड़ी पर सवार कराकर उसके ऊपर जूते-चप्पल बरसाकर स्वागत किया जाता है। हुडदंग को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने जनवरी से जुलूस की तैयारी शुरू कर दी थी। बैठकों का दौर शुरू होने के साथ जुलूस का रूट भी देखा गया।
इस बीच बड़े लाट साहब जुलूस के आयोजक संजय वर्मा ने बताया कि जुलूस पुरानी व्यवस्था के हिसाब से ही निकाला जाएगा। इस बार लाट साहब की भैंसागाड़ी के पीछे डीजे का प्रस्ताव रखा है। होली के गीत डीजे पर बजने से हुडदंग करने वाले व्यस्त हो जाएंगे। संजय के अनुसार, एसपी राजेश द्विवेदी से प्रस्ताव पर चर्चा की गई। हालांकि, अभी इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
-
रामपुर के युवक ने साधा संपर्क, पिछले साल भी बना था लाट साहब
चौकसी से निकलने वाले बड़े लाट साहब को लेकर रामपुर के युवक ने संपर्क साधा है। संजय के अनुसार, गत वर्ष भी उसे ही लाट साहब बनाया गया था। इसके अलावा एक अन्य युवक भी आया है। दोनों युवक संपर्क में हैं। इसके अलावा कोई अन्य आता है तो उसे भी मौका दिया जा सकता है।