शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर कांवड़ियों के निर्धारित रूट पर बरेली मोड़ ओवरब्रिज के पास खुलेआम निजी बसें रोडवेज बसों के आगे लगाकर यात्री बिठा रही हैं। इस कारण वहां भीड़ बने रहने से हादसे का खतरा बना हुआ है। बरेली मोड़ चौराहे की अस्थायी पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस और यातायात कर्मी कार्रवाई नहीं कर रहे।
निजी बस चालक बरेली मोड़ ओवरब्रिज के उतार के पास ही बस बीच रास्ते पर रोककर सवारियां भरते हैं। अहम यह है कि इस दौरान पुल के ऊपर और नीचे यातायात भी चलता रहता है। पूरे मार्ग पर यात्रियों के खड़े रहने और बसें रुकने से कांवड़ियों की ट्राॅलियां फंस जाती हैं और उन्हें निकालने में दिक्कत होती है।
निजी बस चालक मनमानी करते हुए रोडवेज बसों के आगे अपनी बसें लगाकर सवारियां भरते हैं। सीओ यातायात शुभम वर्मा ने बताया कि वह टीआई को निजी बसों का संचालन बंद कराने के निर्देश दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचकर वह स्वयं जांच कराएंगे।