शाहजहांपुर में पर्यावरण व सामाजिक हितों के प्रति समर्पित पृथ्वी संस्था की ओर से 16वां उल्लू पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें ट्रंप टैरिफ समाप्त करने व विश्व शांति को लेकर कामना की गई। राजघाट चौकी के पास स्थित गांधी पार्क में संस्था सदस्यों ने रविवार को उल्लू का पूजन कर अहम के वशीभूत अंधकार में डूबे ट्रंप के मस्तिष्क के शुद्धिकरण की कामना की। उल्लू की आरती करने के बाद डॉ.श्रीकांत मिश्रा ने मंत्रोच्चारण के साथ पूजन कराया।
मुख्य यजमान डॉ.अनुराग अग्रवाल ने कहा कि विश्व नेता किसी एक देश के नेता नहीं होते, बल्कि संपूर्ण मानवजाति का नेतृत्व करना उनकी जिम्मेदारी होती है। जिस तरह से अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने टैरिफ लगाए गए। वह बताता है कि उनका चिंतन अहंकार के वशीभूत हो चुका है। डॉ.संदीप अवस्थी ने भारतीय प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया।
एसएस कॉलेज के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. विकास खुराना ने बताया कि संस्था के सदस्य राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए उल्लू पूजन का कार्यक्रम करते है। पूजन से पूर्व हुई गोष्ठी में डॉ.संजय पांडेय, डॉ.आलोक दीक्षित, डॉ.एमपी सिंह चौहान, डॉ.लोकेश श्रीवास्तव, डॉ.अनिल सिंह, डॉ.जय तिवारी ने विचार रखे। डॉ.विकास पांडेय, सुमित त्रिवेदी, मनोज मिश्रा, डॉ.रामशंकर पांडे ने अपनी हास्य कविताओं से चिंतन पर जोरदार प्रहार किए। उल्लू का आरती पूजन कर उसका तर्पण गर्रा नदी में किया गया।