बंडा। एक व्यक्ति ने स्कूल के प्रधानाध्यापक पर पुत्री से छेड़खानी का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
कस्बा बंडा के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री पड़ोस के एक स्कूल की कक्षा नौ की छात्रा है। स्कूल के प्रधानाध्यापक आए दिन पुत्री से छेड़खानी करते हैं। बात मानने पर अच्छे नंबरों से पास करने की बात कहते हैं।
बुधवार को उनकी पुत्री स्कूल गई तो प्रधानाध्यापक ने उसके साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। इस पर वह स्कूल से घर चली आई। शाम को परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता-पुत्री ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी सोनी शुक्ला ने बताया कि मामले में जांच के बाद कार्रवाई होगी। वहीं, स्कूल के प्रधानाध्यापक का कहना है कि स्कूल में कमेटी के गठन को लेकर कई दिनों से मनमुटाव चल रहा है। 15 अप्रैल को कमेटी के लिए चुनाव होना है। इसी को लेकर उन पर झूठे आरोप लगवाए जा रहे हैं और बदनाम करने की साजिश की जा रही है।