शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद बरेली मंडल में शाहजहांपुर जिले में स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पांच खेलों की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए नजूल की 30 एकड़ जमीन ददरौल विकासखंड के टिकरी ग्राम पंचायत में चिह्नित कर खेल विभाग को हैंडओवर कर दी गई है।
शहर से 14 किलोमीटर दूर टिकरी गांव में स्पोर्ट्स कॉलेज निर्माण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत प्रदेश के प्रत्येक मंडल में एक स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जाना है। इसी क्रम में बरेली मंडल के लिए शाहजहांपुर को चुना गया है।
गत दिनों हुई वीडियो कांफ्रेसिंग में जिला स्तर से एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, कबड्डी और कुश्ती समेत पांच खेलों की सूची खेल निदेशालय को भेजी गई है। अंतिम रूप से किन खेलों को शामिल किया जाएगा, इसका फैसला निदेशालय स्तर से किया जाएगा।
यहां करीब 100 से 125 खिलाड़ियों के रहने और प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी। खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं, छात्रावास और प्रशिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी। निर्माण कार्य पर करीब सौ करोड़ रुपये की लागत आने की संभावना है।
जिला खेल अधिकारी एसपी बमनिया ने बताया कि जमीन को चिह्नित कर लिया गया है। कॉलेज बनने से जिले और मंडल के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकेंगी।