फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: छठ पूजा की तैयारियां तेज, घाटों पर कराया जा रहा रंग-रोगन

विज्ञापन
शिखा राय
विज्ञापन
शाहजहांपुर। छठ पूजा को लेकर तैयारियों ने तेजी पकड़ ली है। लोधीपुर स्थित खन्नौत घाट पर तट को समतल कराने के साथ ही रंग-रोगन और सफाई का काम शुरू करा दिया गया है। पुल की दीवारों पर आकर्षक आकृतियां भी बनाई जा रही हैं। दूसरी ओर घरों में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। महिलाओं ने पूजा की सामग्री और कपड़ों की खरीदारी शुरू कर दी है।
विज्ञापन

चार दिवसीय छठ पर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। लोधीपुर स्थित खन्नौत घाट पर छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। कुछ माह पहले आई बाढ़ के चलते खन्नौत नदी का जलस्तर बढ़ गया था। इससे नदी का तट काफी खराब हो गया और वहां रेत का ऊंचा टीला बन गया था।
छठ पूजा नजदीक आने पर पूर्वांचल महासभा के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त और महापौर से मुलाकात कर तट को दुरुस्त कराने की मांग की थी। इसके बाद घाट पर काम शुरू कराया गया। जेसीबी से तट को समतल किया जा रहा है। वहीं, बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए तट के किनारे पुल की दीवारों पर रंग-रोगन और सफाई का काम भी चल रहा है। कर्मचारी पूरे दिन व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे रहे।
विज्ञापन

उधर, घरों में भी छठ पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रत की शुद्धता और परंपराओं का ध्यान रखते हुए महिलाओं ने मिट्टी के चूल्हे तैयार कर लिए हैं। पूजन सामग्री और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी भी की जा रही है। छठ पूजा में प्रसाद के रूप में बनाए जाने वाले ठेकुआ के लिए गेहूं सुखाने की तैयारी है। कई परिवार गेहूं को अच्छी तरह साफ कर अलग चक्की पर पिसवाते हैं, जबकि कुछ लोग घर पर ही आटा तैयार करते हैं।

छठ महापर्व बिहार और पूर्वांचल वासियों का महापर्व है। इसे हम लोग बड़ी ही शुद्धता से मनाते हैं। पर्व को लेकर दीपावली से पहले ही तैयारियां शुरू कर दीं थी। कपड़ों से लेकर पूजन सामग्री तक की खरीद पूरी कर ली गई है।
-शिखा राय

छठ पर्व को लेकर परिवारों में खासा उत्साह है। पर्व की परंपराओं और शुद्धता का ध्यान रखते हुए तैयारी की जा रही है। नए कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। परिवार के सभी सदस्य मिलकर पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से छठी मैया की पूजा करते हैं।
-श्रुति

बिहार से आकर यहां बसे परिवारों ने छठ महापर्व की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इसे व्यापक स्वरूप दिया है। धीरे-धीरे स्थानीय लोगों की भी इस पर्व के प्रति आस्था बढ़ रही है। कोसी भरने वाले परिवाराें में ज्यादा ही तैयारी रहती है।
-स्मृति सिंह

मन्नत पूरी होने पर कोसी भरकर पूजन करेंगे श्रद्धालु
पूर्वांचल महासभा के अध्यक्ष सतीश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मन्नत पूरी होने वाले परिवार श्रद्धा के साथ कोसी भरते हैं। इस वर्ष भी कोसी भरने वाले परिवारों की संख्या काफी अधिक है। कोसी भरने वाले परिवार गाजे-बाजे के साथ घाट पर पहुंचते हैं। इस दौरान मोहल्ले के लोगों और रिश्तेदारों की भी भागीदारी रहती है। कोसी पूजन में प्रकृति से जुड़ी वस्तुओं का विशेष महत्व होता है। इसमें गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंद सहित मौसमी फल और अन्य पूजन सामग्री शामिल की जाती है। कोसी भरने के लिए परिवार कई दिन पहले से विशेष तैयारियां करते हैं और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं।

वर्ष 1956 में नूनू देवी ने की शुरुआत
पूर्वांचल महासभा के महामंत्री विपुल प्रसाद ने बताया कि उनकी दादी नूनू देवी ने वर्ष 1956 में लोधीपुर स्थित खन्नौत नदी घाट पर महापर्व छठ पूजा की शुरुआत की थी। उस समय यहां बिहार एवं पूर्वांचल के परिवारों की संख्या सीमित थी। विपुल के अनुसार, उनके परदादा और दादा रोजगार के सिलसिले में आए थे। उनके पिता ओसीएफ में कार्यरत थे। उस समय ओसीएफ और शहर में बिहार एवं पूर्वांचल के बड़ी संख्या में परिवार रहते थे। कई परिवार घाटों पर सामूहिक रूप से छठ पूजा करते थे, जबकि कुछ परिवार अपने गांव जाकर और कुछ घरों में ही पूजा करते थे। सिलसिला बढ़ने पर पूर्वांचल महासभा का गठन किया गया। उसके बाद खन्नौत घाट आस्था का केंद्र बन गया।

शिखा राय

शिखा राय

शिखा राय

शिखा राय

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें