शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के रटी गांव में शनिवार शाम मकान के दरवाजे पर खड़े तहेरे भाई 18 वर्षीय प्रदीप की रायफल से गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पिता रामबाबू ने बताया कि गोली मारने से एक घंटे पहले खेत पर दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर हाथापाई हो गई थी।
रामबाबू ने बताया कि खेत से आने के बाद भतीजा अपने पिता की लाइसेंसी रायफल निकाल लाया और बेटे को गोली मारने की धमकी दी। बेटे ने कह दिया कि गोली मारकर दिखा तो इतनी बात पर भतीजे ने बेटे पर फायर कर दिया। गोली बेटे के चेहरे पर लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे प्रदीप के पास आरोपी का भाई भी खड़ा था, जो बाल-बाल बच गया। गोली की आवाज सुनते ही आरोपी अपनी मां के साथ भाग गया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द की आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा। वहीं, चर्चा है कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
24 को आना था, लेकिन मौत 21 मई को खींच लाई घर
प्रदीप पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। वह नोएडा में एक इलेक्ट्रानिक्स कंपनी में नौकरी करता था। बीए की पढ़ाई कर रहा था। 26 मई को उसका बीए का पहला पेपर था, इसलिए उसने 24 मई को घर आने की बात कही थी, लेकिन 22 मई को तिलहर के नगरिया में रहने वाली उसकी चचेरी बहन के जेठ की शादी थी। जानकारी होने पर प्रदीप शादी में शामिल होने 21 मई को आ गया था। पेपर देकर 7 जून को उसे वापस जाना था।
-
जानबूझकर की गई हत्या
परिजनों ने बताया कि घटना शाम करीब छह बजे की है। उस समय घर में महिलाएं थीं। उन्हें कुछ समझ ही नहीं आया और वह रोने-बिलखने लगीं। करीब ढाई से तीन घंटे तक शव मकान के अंदर रखा रहा। करीब नौ बजे सूचना पर पुलिस पहुंची। पिता ने यह भी कहा कि कभी परिवारों के बीच विवाद नहीं हुआ। उसके दिल में क्या था ये नहीं पता, लेकिन हत्या जानबूझकर की गई है।
-
आरोपी के पिता ने की दो शादी
बाबूराम ने बताया कि आरोपी के पिता ने दूसरी शादी थी। पहली पत्नी की कई साल पहले डिलीवरी के दौरान मौत हो गई थी। पहली पत्नी से एक बेटा और बेटी है। आरोपी दूसरी पत्नी का बेटा है।