शाहजहांपुर। चार दिन पहले लाइन पर काम करते समय करंट से गंभीर रूप से झुलसे सिंधौली बिजली उपकेंद्र के संविदा कर्मचारी अजय पाल की मौत की सूचना यहां आते ही संविदा कर्मचारियों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने पावर कॉरपोरेशन के जेल रोड स्थित सर्किल ऑफिस पर प्रदर्शन कर धरना दिया। बाद में उनका शिष्टमंडल अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार श्रीवास्तव से मिला और उन्हें विद्युत संविदा मजदूर संगठन की ओर से ऊर्जा मंत्री के नाम ज्ञापन देकर मृतक आश्रितों को पांच लाख रुपये अनुग्रह धनराशि दिए जाने की मांग की।
धरना स्थल पर सभी ने दिवंगत कर्मचारी अजय पाल को मौन श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर संगठन के जोन अध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना ने कहा कि वर्तमान आउटसोर्सिंग कंपनी के कार्यकाल में साढ़े चार माह के दौरान करंट लगने से चार श्रमिकों की मौत हो चुकी है और गंभीर रूप से झुलसे तीन अन्य कर्मचारियों के घरवाले कर्ज लेकर उनका इलाज का रहे हैं। चौहनापुर उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारी धर्मेश कुमार, सिंधौली में सुशील मिश्रा और कलान में संविदा कर्मी राशिद की उचित इलाज के अभाव में पहले ही मौत हो चुकी है।
महामंत्री राजेश कुमार ने कहा कि नियोक्ता कंपनी और विभाग के अधिकारियों ने अजय पाल की देखभाल कराई होती तो उनकी असमय मौत नहीं होती। जिलाध्यक्ष मोहम्मद रफी ने कहा कि सिंधौली के संविदा कर्मी प्रेमकांत सुमन, सिटी पार्क के छुन्ना बाबू और खुटार उपकेंद्र के लाल मोहम्मद करंट से झुलसने के कारण अभी तक ठीक नहीं हो सके हैं।
ज्ञापन में सभी मृतक श्रमिकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये अनुग्रह राशि दिए जाने के साथ उपकेंद्रों पर सुरक्षा के सभी उपकरण उपलब्ध कराने, कंपनी से इलाज का खर्च दिलाने, जून एवं जुलाई माह का लंबित वेतन भुगतान जल्द कराने आदि मांगों का उल्लेख किया गया है। धरना-प्रदर्शन मेें दीपक श्रीवास्तव, साबिर, सुरेश कुमार, इसरार खां, अमित यादव आदि शामिल रहे। एसई ने ज्ञापन ऊर्जा मंत्री को भेजकर यथा संभव मांगे जल्द पूरी कराने का आश्वासन दिया।