वायु सैनिकों की बेस स्टेशन पर होने लगी वापसी
दूसरे दिन का पूर्वाभ्यास निरस्त होने से शनिवार को वायु सैनिकों की बेस स्टेशन पर वापसी शुरू हो गई। वायुसेना ने हवाई पट्टी पर लगाए गए विभिन्न तरह के तकनीकी उपकरण सुबह से समेटने शुरू कर दिए। इसके अलावा वहां लगाए गए सीसीटीवी कैमरे, लाइटें आदि भी हटानी शुरू कर दीं। हालांकि शनिवार को दूसरे दिन भी पुलिस विभिन्न स्थानों पर तैनात रही। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय ने बताया कि शनिवार शाम तक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन पीएसी, कमांडो सहित अन्य सुरक्षाकर्मी वापस चले गए।
हवाई पट्टी पर मंडराने लगे छुट्टा गोवंश
हवाई पट्टी की सुरक्षा को लेकर क्षेत्र में छुट्टा पशुओं को पकड़कर गोशाला भेजने का अभियान कई दिन चलाए जाने का दावा किया जा रहा था, लेकिन अभ्यास खत्म होने के दूसरे ही दिन हवाई पट्टी पर गोवंशीय पशु मंडराते दिखने लगे। शनिवार को दो गायें हवाई पट्टी के दक्षिणी तरफ से आकर दूसरी ओर निकल गईं।
हवाई पट्टी की सुरक्षा को लेकर खड़े हो रहे सवाल
विमानों का हवाई पट्टी पर अभ्यास पूरा होने के बाद उसकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। उस क्षेत्र में लोगों का आना-जाना कम रहता है। एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा न होने के कारण अभी यातायात भी शुरू नहीं हुआ है। हवाई पट्टी के आसपास निर्माण कार्य पूरा हो जाने के कारण अब वहां निर्माण कंपनी के लोग भी मौजूद नहीं रहते। 3.5 किमी लंबी हवाई पट्टी पर अभी दोनों तरफ पूरी तरह से स्थायी बाड़ भी नहीं लग सकी है।
किनारे बनी सर्विस लेन से हवाई पट्टी पर जानवर से लेकर हर कोई आसानी से आ-जा सकता है। इसलिए स्थायी बाड़ लगने के बाद भी यह कहना मुश्किल है कि हवाई पट्टी सुरक्षित बनी रहेगी। कुछ माह पहले बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे के चौड़ीकरण के दौरान नगर सीमा क्षेत्र में दोनों तरफ लगाई गई लोहे की रेलिंग को तोड़कर लोग अपने उपयोग में ले रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय के अनुसार इस बारे में अधिकारियों को अवगत करार उनके निर्देशानुसार हवाई पट्टी की सुरक्षा के उपाय किए जाएंगे।