शाहजहांपुर। पुवायां रोड स्थित पैना ट्रांसमिशन से बहादुरगंज को आने वाली 33 केवी लाइन में सोमवार को फॉल्ट आ गया। इंजीनियरों ने गोविंदगंज उपकेंद्र से लाइन जोड़ी, तभी पैनल में फ्लशओवर हो गया। इसके चलते करीब पांच घंटे तक आठ हजार घरों की बिजली की आपूर्ति बाधित हो गया। इसके चलते उपभोक्ताओं को दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा।
सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से सारे फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। लाइन ट्रिप होने से ताजूखेल, हुंडालखेल, खलीलगर्वी, खलीलशर्की, सेठ इंकलेव, विकास भवन, बहादुरगंज, बहादुरपुरा, तारीन टिकली, मशीनरी मार्केट समेत करीब आठ हजार घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
लोगों ने उपकेंद्र पर कॉल की तो वहां से 30 मिनट में आपूर्ति बहाल करने की बात कही गई। टीम ने इंटरकनेक्ट सिस्टम के जरिये गोविंदगंज से करीब दो बजे लाइन को जोड़ने का प्रयास किया। लाइन जुड़ते ही बहादुरगंज उपकेंद्र में पैनल में फ्लश ओवर हो गया। इस वजह से आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। लगातार बिजली गायब रहने से उपभोक्ता गर्मी में बेहाल हो गए।
उन्हें काफी दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा। इन्वर्टर तक डाउन हो गए। लोगों के मोबाइल की बैटरी तक खत्म हो गई। बिजली गायब रहने पर कुछ लोग उपकेंद्र तक पहुंच गए। जहां उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया गया। टीम ने करीब चार बजे बहादुरपुरा, विकास भवन और टेलीफोन एक्सचेंज की बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया। उसके बाद हुंडालखेल फीडर की सप्लाई दी गई। जेई आनंद केसरी ने बताया कि बिजली की आपूर्ति को सामान्य कर दिया गया है।
चिनौर और रामनगर फीडर भी
बंद, बिजली के लिए तरसे लोग
सोमवार को सुबह करीब साढ़े छह बजे निगोही रोड उपकेंद्र के चिनौर बाईबाग फीडर का 11 केवी का तार टूट गया है। इसके चलते पूरा फीडर बंद होने से उपभोक्ता परेशान हो गए। करीब ढाई घंटे के बाद बिजली की आपूर्ति को बहाल किया गया। इसके बाद पंचपीर फीडर पर खलीलखान ट्यूबवेल के पास एलटी की लाइन टूटने से बिजली बंद रही। दो बजे रामनगर फीडर की सप्लाई बाधित हो गई। पेड़ों की डाल लाइन पर लगने के चलते एक घंटे के बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी।