मतदान निपटते ही बिजली सप्लाई अपने पुराने ढर्रे पर लौट आई है। 15 फरवरी के बाद से नगर की बिजली सप्लाई में जबरदस्त कटौती के साथ ही मनमानी भी शुरू हो गई। हाल यह है कि शुक्रवार रात गुल हुई बिजली शनिवार शाम पांच बजे तक नहीं आई। लगातार बिजली न मिलने से लोग परेशान हो उठे। इस संबंध में पूछे जाने पर विभागीय कर्मियों ने शाहजहांपुर में कुछ खराबी हो जाने से सप्लाई बाधित होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। मतदान के दिन तथा उसके एक दिन पहले 22 से 24 घंटे सप्लाई का आनंद उठा चुके उपभोक्ताओं को मतदान निपटते ही बिजली विभाग ने करारा झटका देकर उनकी नींद उड़ा दी है। मतदान निपटने के बाद पहले की तरह 14 से 15 घंटे की सप्लाई दी जा रही थी, लेकिन शुक्रवार रात से उसमें भी टोटा हो गया और रात करीब तीन बजे गई बिजली शनिवार शाम तक नहीं लौटी। लगातार 14 घंटे बिजली न मिलने से लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा। बिजली विभाग की इस मनमानी को लेकर नाराज लोगों ने बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार कराने की मांग प्रशासनिक अधिकारियों से की है।