बंडा में हाईवे पर उखड़ी सड़क। संवाद
बंडा। बमुश्किल पांच माह पहले पूरनपुर-मैगलगंज हाईवे की मरम्मत कराने के तीन माह बाद ही मार्ग फिर खराब होने लगा है। हाईवे पर कस्बे के मुख्य चौराहे के पास बड़ा गड्ढा होने के अलावा जगह-जगह तमाम गड्ढे हो गए हैं। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ हर समय हादसा होने का खतरा बना रहता है।
कुछ वर्ष पहले पूरनपुर से मैगलगंज तक नेशनल हाईवे 730 का निर्माण हुआ था। गड्ढे होने पर फरवरी में हाईवे की मरम्मत का कार्य कराया गया था। उस दौरान घटिया निर्माण सामग्री लगाए जाने से हाईवे एक बार फिर गड्ढों से छलनी हो गया है। मार्ग खराब हो जाने से वाहन धीमी रफ्तार से निकल रहे हैं। हाईवे पर गड्ढों की वजह से बाइक सवारों के साथ अक्सर हादसे हो चुके हैं।
एसडीएम सदानंद सरोज ने बताया कि हाईवे का रखरखाव राजमार्ग प्राधिकरण की जिम्मेदारी है। इसलिए एनएचएआई के अभियंताओं को इस बारे में अवगत कराकर जरूरी कार्य कराए जाएंगे। संवाद