भाजपा की कार्यशाला में बोलते प्रदेश प्रवक्ता अलोक अवस्थी । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। भाजपा की जिला व महानगर के संयुक्त मीडिया प्रभारी की कार्यशाला सोमवार को रेती रोड स्थित कार्यालय पर हुई। इसमें मीडिया प्रभारियों को भाजपा सरकार की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। कार्यशाला के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता आलोक अवस्थी ने कहा कि साल 2016 का उत्तर प्रदेश अपराधियों और दंगाइयों से ग्रसित था। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार में 400 दंगे हुए।
व्यापारियों और उद्योग धंधों का पलायन होने लगा। बोले थानों को अपराधी चला रहे थे। पुलिसकर्मियों को पीटा जाता था। जबसे प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार बनी, तब से अपराध और दंगाइयों पर विराम लग चुका है। अपराधी जेल में हैं, 150 से अधिक बदमाश मारे जा चुके हैं। 12 हजार से ज्यादा अपराधी जेल में है। अपराधियों से 2000 हजार करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में दोबारा से भाजपा सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनने वाली है। भाजपा पदाधिकारी व मीडिया प्रभारी भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों को लोगों के बीच तक पहुंचाएं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा, महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी अनिल कटियार, महानगर मीडिया प्रभारी सुनील मालवीय, अजय प्रताप, प्रमुदित मिश्रा, संजीव अवस्थी आदि मौजूद रहे।