बृहस्पतिवार को रोजा रेलवे ग्राउंड में समतलीकरण का कार्य तेजी से किया गया।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। 18 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शाहजहांपुर में प्रस्तावित दौरा विधानसभा के संभावित प्रत्याशियों के लिए सेमीफाइनल सरीखा साबित होगा। दरअसल प्रधानमंत्री के सामने भीड़ जुटाना प्रत्याशी के जनाधार का पैमाना माना जाएगा। इसके संकेत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान दे चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोजा रेलवे ग्राउंड में जनसभा कर गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करेंगे। एक्सप्रेस-वे शाहजहांपुर के अलावा बदायूं और हरदोई से भी होकर गुजरेगा। इसीलिए बदायूं व हरदोई की विधानसभा क्षेत्र की जनता भी प्रधानमंत्री की सभा में पहुंचेगी। बुधवार को प्रधानमंत्री की रैलीस्थल की तैयारी का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीनों जिलों के जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों से साफ पूछा था कि वे कितनी भीड़ लेकर आएंगे और इस संबंध में उनकी कार्ययोजना क्या है?
विधानसभा वार आने वाली भीड़ का हिसाब भी जाना था। शाहजहांपुर की छह विधानसभाओं में विधायक भीड़ जुटाएंगे। फिलवक्त उन्हें कम से कम 20 हजार लोगों की भीड़ लाने का टारगेट दिया गया है। भाजपा के जिले में पुवायां, नगर, कटरा, तिलहर और ददरौल में विधायक हैं। हालांकि भाजपा ने जलालाबाद सीट के अलावा किसी अन्य सीट से विधानसभा टिकट के लिए आवेदन स्वीकार नहीं किया है, लेकिन नगर सीट छोड़कर लगभग हर जगह कई लोग टिकट की आस लगाए हैं।
सबसे ज्यादा रस्साकशी पुवायां और कटरा में है। पुवायां में पार्टी के जनहित कार्यों का प्रचार करने की आड़ में कई टिकट के दावेदार अंदरखाने जनसंपर्क में लगे हुए हैं। कटरा सीट में तो कई भाजपा नेता प्रचार में जुटे हैं। कटरा में मौजूदा विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस के खिलाफ एक भाजपा नेता खुलेतौर पर प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री की रैली में जनबल का प्रदर्शन कर टिकट का दावा मजबूत करने का मौका ये नेता गंवाना नहीं चाहते हैं।
दोनों कैबिनेट मंत्रियों को दी अहम जिम्मेदारी
जिले में दो कद्दावर नेता हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री की रैली की सफलता की बड़ी जिम्मेदारी दोनों मंत्रियों पर होगी। वित्त, चिकित्सा शिक्षा एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना शाहजहांपुर का जिम्मा संभालेंगे जबकि प्राविधिक शिक्षा मंत्री जितिन प्रसाद बदायूं की जिम्मेदारी संभालेंगे।