फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

20 विधानसभा सीटों पर असर डालेगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली

विज्ञापन
गंगा एक्सप्रेस-वे का नक्शा। फाइल - फोटो : BADAUN
विज्ञापन
आशीष त्रिपाठी
विज्ञापन

शाहजहांपुर। शाहजहांपुर के रोजा रेलवे ग्राउंड में 18 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम लगभग तय हो चुका है, बस औपचारिक एलान बाकी है। 595 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश के 12 जिलों से होकर गुजरेगा। ऐसे में शिलान्यास कार्यक्रम के लिए शाहजहांपुर को चुनना एक बड़ी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है। दरअसल, छह जिलों की सीमाएं शाहजहांपुर को स्पर्श करती है। अगर सीतापुर को भी मिला लिया जाए तो लगभग 20 विधानसभा सीटों पर प्रधानमंत्री की रैली बड़ा असर डालेगी। भाजपा इन सभी सीटों से भीड़ जुटाने की कवायद में जुट गई है।
बतौर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरी बार शाहजहांपुर आ रहे हैं। वह 2014 में लोकसभा चुनाव अभियान के दौरान बरेली मोड़ पर जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। 21 जुलाई 2018 को उन्होंने रोजा के रेलवे ग्राउंड में महाकिसान रैली को संबोधित किया था। 18 दिसंबर को इसी मैदान में वह फिर से जनसभा करेंगे। इससे पहले कार्यक्रम जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित था, मगर कोलाघाट पुल ढहने से रैली स्थल में बदल किया है। गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से की पूर्वांचल से दूरी को कम करने वाला साबित होगा।
विज्ञापन

शाहजहांपुर में शिलान्यास कार्यक्रम की मुख्य वजह यह है कि शाहजहांपुर जिला पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, हरदोई, फर्रुखाबाद, बदायूं और बरेली की सीमा को छूता है। भाजपा की स्थानीय कार्यकारिणी को निर्देशित किया है कि इन जिलों की दो-दो समीपवर्ती विधानसभा सीटों से प्रधानमंत्री की रैली के लिए भीड़ जुटाई जाए। लखीमपुर के जंगबहादुरगंज, पसगवां और मैगलगंज के बाद सीतापुर की सीमा शुरू हो जाती है। यहां की महोली और सीतापुर विधानसभा सीट के लोग भी रैली में लाए जाएंगे।
शाहजहांपुर की छह विधानसभा सीटों को मिलाकर 20 विधानसभा क्षेत्रों पर प्रधानमंत्री की रैली चुनाव से ठीक पहले बड़ा असर डालेगी। आकलन है कि लगभग ढाई लाख लोग प्रधानमंत्री की रैली में आएंगे। लगभग एक लाख लोग स्वप्रेरित होकर आएंगे, जबकि डेढ़ लाख की भीड़ इन 20 विधानसभा सीटों से पार्टी की ओर से जुटाई जाएगी। (संवाद)
36230 करोड़ से बनेगा गंगा एक्सप्रेस-वे
देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे यूपी में गंगा एक्सप्रेस-वे बनने जा रहा है। परियोजना की कुल लागत 36,230 करोड़ रुपये आंकी गई है। एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। यह हाईवे मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज में जूड़ापुर दांदू में नेशनल हाईवे-19 में मिलेगा। माना जा रहा है कि एक्सप्रेस-वे बनने से लखनऊ से मेरठ की दूरी महज पांच घंटे की रह जाएगी। गंगा एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की गति लगभग 120 किमी प्रति घंटा होगी। गंगा नदी पर लगभग 960 मीटर और रामगंगा नदी पर लगभग 720 मीटर लंबाई के दीर्घ पुल बनेंगे। शाहजहांपुर के समीप हवाई पट्टी भी प्रस्तावित है।
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में आसपास के जिलों से भी लोग आएंगे। शहीद नगरी शाहजहांपुर में प्रधानमंत्री के रूप में दूसरी बार नरेंद्र मोदी आएंगे। पार्टी अपनी तैयारी युद्धस्तर पर पूरी कर रही है।
हरिप्रकाश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष शाहजहांपुर।
इन विधानसभा सीटों से आएंगे लोग
- पीलीभीत: पूरनपुर, बीसलपुर
- लखीमपुर: मोहम्मदी, लखीमपुर सदर
- सीतापुर: सीतापुर सदर, महोली
- बदायूं: दातागंज, शेखूपुर
- हरदोई: शाहबाद, हरदोई
- बरेली: फरदपुर, बरेली
- फर्रुखाबाद: कायमगंज और फर्रुखाबाद नगर
- शाहजहांपुर की छह विधानसभा सीटें: नगर, जलालाबाद, ददरौल, पुवायां, तिलहर, कटरा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें