पुवायां। कोरोना वैक्सीन लगाने वाली टीमों से अभद्रता की शिकायतों का एसडीएम ने संज्ञान लेते हुए सर्किल के सभी थाना प्रभारियों को वैक्सीनेशन के दौरान दरोगा और सिपाहियों के मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को पुवायां के तहसील सभागार में कोरोना संक्रमण और नियंत्रण के संबंध में हुई बैठक में पुवायां, सिंधौली, बंडा और खुटार के सीएचसी प्रभारी मौजूद रहे।
डॉक्टरों ने बताया कि कोरोना वैक्सीनेशन के काम में अन्य विभागों के कर्मचारी रुचि नहीं ले रहे हैं। कोटेदार, आंगनबाड़ी कर्मचारी, विकास विभाग, शिक्षा विभाग के कर्मचारी रुचि लें तो वैक्सीनेशन कार्यक्रम तेजी से आगे बढ़ सकता है। डॉक्टरों ने यह भी बताया कि कोरोना वैक्सीन लगाने के दौरान गांवों में अराजक तत्व विरोध करते हैं और स्वास्थ्यकर्मियों से अभद्रता करते हैं।
एसडीएम सतीश चंद्रा ने बताया कि मामले का संज्ञान लेकर कई विभागों को पत्र भेजा गया है। अब वैक्सीन करने वाली टीम के साथ स्थानीय पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। बैठक में पुवायां सीएचसी प्रभारी डॉ. मोहम्मद आसिफ, सिंधौली सीएचसी प्रभारी डॉ. गौरव सक्सेना, खुटार सीएचसी प्रभारी डॉ. संजीव कुमार और बंडा सीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज मिश्रा मौजूद रहे।
इन विभागों को जारी किया गया पत्र
बीएसए को शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के कोरोना वैक्सीनेशन में सहयोग के लिए।
- तहसील के सभी बीडीओ, बीईओ को कोरोना वैक्सीनेशन में सहयोग के लिए।
- पूर्ति निरीक्षक को कोटेदारों को निर्देश देकर टीकाकरण के लिए लोगों को समझाकर सहयोग करने के लिए।
- पुवायां, बंडा, खुटार, सिंधौली के थाना प्रभारियों को, वैक्सीनेशन के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी के लिए।