खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार निवासी रामाशीष के आत्महत्या करने के मामले में एक्सिस बैंक के प्रबंधक सहित दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। उधर, बैंक की ओर से भी आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है।
29 दिसंबर की दोपहर खुटार के मोहल्ला बगियानाथ निवासी रामाशीष ने घर में फंदे से लटक कर जान दे दी थी। परिवार के लोगों को जानकारी मिली तो घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा था। रामाशीष की पत्नी प्रमिला देवी का आरोप था कि कुछ दिन पूर्व खुटार के एक्सिस बैंक के प्रबंधक सहित दो लोग उनके घर आए थे और पति पर बैंक में खाता खुलवाने की बात कहते हुए लेन-देन से संबंधित जानकारी कर रहे थे। उनके पति ने एक्सिस बैंक में कभी भी खाता खुलवाने से इनकार किया था। इस पर बैंककर्मी धमकी देते हुए चले गए थे। इससे तनाव में आए उनके पति ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने बैंक प्रबंधक सहित दो लोगों पर आत्महत्या को उकसाने की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी।
सीओ बीएस वीर कुमार ने बताया कि कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य पाए जाएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई होगी।
धान, गेहूं की राशि का गोलमाल करने केे लिए खाता खुलवाने का संदेह
सूत्रों के अनुसार रामाशीष के नाम एक्सिस बैंक में खाता वर्ष 2015 में खुलवाया गया था। बाद में इसे खाते में समय-समय पर बड़ा लेन-देन होता रहा है। माना जा रहा है कि धान और गेहूं सेंटरों पर बेचकर गोलमाल करने वालों ने रामाशीष के नाम बैंक में फर्जी खाता खुलवा दिया। इसमें धान, गेहूं बेचने की राशि आने के बाद निकाल ली गई।
रामाशीष के मामले में बैंक की आंतरिक जांच चल रही हैं। अधिकारी जांच कर रहे हैं। पुलिस जो भी जानकारी मांगेगी वह दी जाएगी। दो चार दिन में जांच होने के बाद अकाउंट से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
- श्रुति मुद्दत, मीडिया प्रभारी, एक्सिस बैंक, हेड ऑफिस मुंबई